जलालाबाद के मोहल्ला नवीननगर में पाइप सही करता मजदूर। संवाद
- फोटो : कैप्टन मनोज पांडेय चौक।
जलालाबाद। मोहल्ला नवीननगर की टंकी वाली गली में नगरपालिका के पानी के ओवरहेड टैंक को भरने वाली पाइप लाइन बुधवार की रात क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण कई मोहल्लों में रह रही नगर की आधी आबादी के लिए पानी की आपूर्ति बृहस्पतिवार शाम से ठप हो गई। पालिका के जलकल अनुभाग ने शनिवार से पानी की आपूर्ति शुरू हो पाने की उम्मीद जताई है।
ओवरहेड टैंक को भरने के लिए मोहल्ला नवीननगर से निकली पानी की मुख्य लाइन का पाइप बुधवार रात को क्षतिग्रस्त हो गया था। पाइप लाइन सही करने के लिए वहां गहरा गड्ढा खोदे जाने और ओवरहेड टैंक भर नहीं पाने से बृहस्पतिवार की शाम और शुक्रवार को सुबह और दोपहर को पानी की आपूर्ति ठप रही।
नगर पालिका ने नगर के 25 में से जिन दस वार्ड में सबमर्सिबल की बोरिंग कराई है, उन्हें छोड़कर शेष सभी 15 वार्ड के तमाम लोग दिनभर पानी की किल्लत से जूझते रहे। तमाम लाेगों को घरों से काफी दूर लगे इंडिया मार्क हैंडपंपों से पानी लाना पड़ा। ईओ एचएन उपाध्याय ने बताया कि पाइप लाइन को दुरुस्त कराया जा रहा है। ईओ के अनुसार, प्रयास है कि देर शाम तक प्रभावित वार्डों में पानी की आपूर्ति बहाल हो सके, लेकिन मरम्मत कार्य में जुटे कर्मचारियों ने पाइप लाइन शनिवार तक ठीक हो पाने की संभावना जताई है।
-
पंप खराब होने से रेल आवासों में पानी का संकट
शाहजहांपुर। रोजा की रेलवे कॉलोनी का पंप खराब होने से करीब चार सौ रेल आवासों में पानी नहीं आया। इसके चलते रेल कर्मियों को काफी दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा।शुक्रवार को रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी जीएम के आने का इंतजार कर रहे थे। दूसरी ओर रेलवे कॉलोनी का पंप खराब होने से पानी का संकट खड़ा हो गया। वीआईपी मूवमेंट के चलते टैंकर का इंतजाम भी नहीं हो पाया। रेलवे अफसरों के अनुसार, मोटर खराब होने से दिक्कत है। उसे सही कराया जाएगा। संवाद