डग्गामार वाहनों के खिलाफ बृहस्पतिवार को कार्रवाई शुरू करने के बाद थाना पुलिस ने अगले दिन भी परौर और जलालाबाद मार्ग पर सख्ती बरती। इसके चलते शुक्रवार को काफी लोगों को तांगे का ही सहारा लेना पड़ा, इस मार्ग पर बसों की संख्या पहले से न के बराबर ही है।
जिले में डग्गामार वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने से कई लोगों की मौत होने पर जिले के अधिकारियों ने डग्गामार वाहन बंद कराने का आदेश दिया था। तब मात्र दो ही दिन जलालाबाद व परौर मार्ग पर ऐसे वाहनों पर रोक लगी, अब फिर वही होने पर एक सत्ताधारी नेता ने कलान थाना पुलिस की शिकायत लखनऊ जाकर की थी। शिकायत पर जिले के अधिकारियों ने थानाध्यक्ष शेर सिंह तोमर को कड़ी कार्रवाई करने को कहा। इसके बाद बृहस्पतिवार से पुलिस सक्रिय हो गई थी। जलालाबाद और कलान मार्ग पर डग्गामार वाहन के रूप में चलने वाली करीब आधा दर्जन बसें और दो दर्जन जीपें शुक्रवार को भी बंद रहीं। यात्रियों को घंटों वाहनों का इंतजार करते बीता तो ज्यादातर को तांगों से सफर करना पड़ा। थानाध्यक्ष शेर सिंह तोमर ने कहा है कि किसी भी वाहन को डग्गामारी करते पाया गया तो सीज कर दिया जाएगा।