आरसी मिशन के पास हाईवे पर रोड से सटे हुए गैस सिलेंडरों से भरी हुई पिकप गाड़ी खड़ी कर गैस सिलेंडर बांटने का मामला खुद डीएम पुष्पा सिंह ने पकड़ा है। वह हरदोई बाईपास मार्ग की ओर से एक निरीक्षण के लिए निकली थीं कि तभी रास्ते में यह वाकया दिखा तो रुक गईं। सिलेंडर बांटने वाले से पूछा कि किसके आदेश से यहां पर गैस वितरण किया जा रहा है तो उसने बताया कि अमित भारत गैस एजेंसी नवादा इंदेपुर की गैस बांट रहे हैं। डीएम ने गैस वितरण के इस तरीके को अवैध पाया एवं तुरंत सिटी मजिस्ट्रेट व आरसी मिशन थानाध्यक्ष को गैस एजेंसी के खिलाफ जांच कर समुचित विधिक कार्रवाई करने का निर्देश दिए।
डीएम ने हाईवे किनारे गैस सिलेंडर लेने को खड़े उपभोक्ताओं से भी बात की। उपभोक्ता जितेंद्र सिंह यादव, राजकुमार, शिवम सिंह श्रीवास्तव ,धनेश्वर मिश्रा, गौरव, सुमेर, आदर्श कुमार, राजकुमार, उमेश, रामबरन, नवल किशोर आदि ने बताया कि उन्हें गैस सिलेंडर हर बार यहीं पर मिलता है। इस पर डीएम का तेवर सख्त हुआ और उन्होंने नाराजगी जताते हुए तुरंत आरसी मिशन थाना के एसएचओ भरत कुमार गौतम और नगर मजिस्ट्रेट को बुलाकर आदेश दिया कि इस गैस एजेंसी पर जाकर एंट्री चेक करें कि हॉकर गैस वितरण कहां करेगा। डीएम ने तत्काल वहीं से निर्देश दिया कि सभी गैस एजेसियों के प्रबंधक गैस सिलेंडर का वितरण उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी सिस्टम से या फिर अपने गोदाम से कराएं। ऐसे खुले में जहां-तहां गैस का वितरण न करवायें, अन्यथा उनके विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।