लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी क्षेत्र के उमा देवी चिल्ड्रंस एकेडमी के बच्चों और शिक्षकों द्वारा चलाई जा रही मुहिम एक कदम अमन की ओर के लिए एसपी डॉ. मनोज कुमार और सीओ सिटी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव ने अमन के पैगाम पर संदेश लिखकर हस्ताक्षर करके शुभारंभ किया।
बता दें कि उमा देवी चिल्ड्रंस एकेडमी के छात्र-छात्राएं ने दिन प्रतिदिन बढ़ रहीं आतंकी गतिविधियों और भारत पाकिस्तान सीमा पर हो रही गोलाबारी में शहीद हो रहे भारत के सपूतों के चलते पड़ोसी देश को अमन का संदेश देने उद्देश्य में एक कदम अमन की ओर मुहिम की शुरूआत की है। जिसमें 500 मीटर लंबे बैनर पर एक लाख भारतीयों का अमन का संदेश एकत्र करके भारत के स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पंजाब स्थित भारत पाकिस्तान की सीमा बाघा बार्डर पर जाकर पाकिस्तान सेना को सौंपकर भारत की जनता की ओर से अमन और प्यार के रिश्ते की शुरूआत करने की अपील करेंगे।
एसपी डॉ. मनोज कुमार और सीओ सिटी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनका यह कदम दोनों देशों के हित में है और यह दोंनों देशों के नागरिकों में प्रेम एवं विश्वास बढ़ाएगा। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष सचिन बाथम ने भी इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की आवाज भारत के हृदय की आवाज है। विद्यालय के चेयरमैन अनिल कुमार गुप्ता और प्रधानाचार्य पुष्पा गुप्ता ने कार्यक्रम में उपस्थित तमाम अधिकारिओं और गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता पीएस मिश्र ने किया। इस कार्यक्रम में स्कूल के 150 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं।