शाहजहांपुर। मदनापुर क्षेत्र के गांव लश्करपुर स्थित सहकारी समिति पर गेहूं का बीज लेने गए ग्रामीण की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। जलालाबाद के गांव मुजफ्फरपुर निवासी जिल्लेदार का 38 वर्षीय बेटा राजेंद्र सुबह करीब दस बजे पास के ही मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव लश्करपुर स्थित सहकारी समिति पर गेहूं का बीज लेने गया था।
बताते हैं कि गेहूं गंदा होने के कारण राजेंद्र ने उसे पास में लगी छनाई वाली मशीन में डाल दिया और बिजली का स्विच ऑन कर दिया। मशीन में करंट आ रहा था। राजेंद्र करंट की चपेट में आ गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह से उसे अलग किया। कुछ देर बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए और गंभीर रूप से झुलसे राजेंद्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गए।
दोपहर एक बजे राजेंद्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। भाई कन्हई ने बताया कि राजेंद्र उसके चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके घर में पत्नी रेखा के अलावा दो बेटे गौतम (12) व अमन (6) तथा दो बेटियां पायल (10) व कंचन (5) हैं। राजेंद्र की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। संवाद