शाहजहांपुर। दो दिन बंदी के बाद सोमवार को बाजार खुले तो लोगों की भी उमड़ पड़ी। बहादुरगंज मेन मार्केट और वहां की गल्ला मंडी में किराना की दुकानों पर लोगों की खासी भीड़ रही। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोग लॉकडाउन को लेकर आशंकित हैं। इसलिए लोगों मेें दैनिक उपयोग की जरूरी चीजें ज्यादा खरीदने की होड़ रही। भीड़ के बीच तमाम लोग बगैर मास्क के घूमते नजर आए।
शनिवार को कोरोना पॉजिटिव के एक साथ 77 मामले मिलने के बाद प्रशासन एक-दो हफ्ते का लॉकडाउन लागू करने को काफी संजीदा है। इस बारे में बीते दिन एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी ने व्यापार और सामाजिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों से सुझाव मांगे थे। अभी तक बाजार खोलने के लिए पर्याप्त समय की मांग करते आ रहे व्यापार संगठन भी कोरोना संक्रमण में हुई वृद्धि को देखते लॉकडाउन लगाने और बाजारों में चुनिंदा दुकानें सीमित समय के लिए खोलने पर सहमत हैं। व्यापार मंडल मिश्रा गुट और कंछल गुट के पदाधिकारी एडीएम को राय दे चुके हैं। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष किशोर कुमार गुप्ता ने भी कहा है कि यदि लॉकडाउन से संक्रमण रोकने में मदद मिल सके तो प्रशासन को जनहित में यह कदम शीघ्र उठाना चाहिए।
सोमवार सुबह नौ बजे बाजार खुलते ही लोग बाजारों में किराना की दुकानों पर आटा, चावल, दालें, चीनी, चाय पत्ती आदि रोजमर्रा की चीजें खरीदने में जुट गए। कई लोगों ने बहादुरगंज की छोटी सब्जी मंडी से पांच-दस किलो आलू एक साथ खरीद लिए ताकि बाजार बंद होने पर सब्जी का संकट खड़ा नहीं हो। गल्ला मंडी मेें भी सुबह से दोपहर तक खरीदारों में आपाधापी का माहौल बना रहा। सामाजिक दूरी भूल कर आगे निकलने की होड़ में कई बार गल्ला मंडी में जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान पुलिस ने कई जगह बाइक पर सवार तीन लोगों को नीचे उतारा और वाहनों के चालान कर दिए। साथ ही मास्क नहीं लगाने वालों पर सख्त तेवर अपनाते हुए उनसे जुर्माना वसूला।