खुदागंज। क्षेत्र के गांव सुराही में शनिवार रात नहर से निकलकर एक मगरमच्छ गांव की गलियों तक पहुंच गया। मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित नहर में छोड़ दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के पास से गुजर रही बड़ी नहर से मगरमच्छ निकलकर रजनीश मिश्रा के घर के पास पहुंच गया। वह घर के फाटक में घुसने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान रात करीब 11 बजे खेतों की रखवाली कर लौट रहे कुछ ग्रामीणों को फाटक से टकराने की आवाज सुनाई दी। टॉर्च की रोशनी डालने पर मगरमच्छ दिखाई दिया।
उसे देखते ही ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। शोर सुनकर अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और वन विभाग को सूचना दी। डिप्टी रेंजर अमित कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में मगरमच्छ नहर से निकलकर आबादी की ओर आ जाते हैं। संवाद