थाना बंडा के गांव चांदपुर पड़री में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पोस्टमार्टम हाउस पर नन्हें लाल ने बताया कि उसके बड़े भाई शिव कुमार ने दो बीघा जमीन बेची थी, लेकिन गांव के समीप ही झाले पर रहने वाले सरदार परमजीत सिंह, उनके बेटे बलजिंदर सिंह और रजविंदर सिंह ने धोखा करके साढ़े सात बीघा जमीन लिखा ली थी। सुबह जब शिव कुमार बाकी पैसे मांगने गए तो इन लोगों ने उसे बुरी तरह मारा-पीटा और दस बजे के आसपास घर के पीछे छोड़कर भाग गए। जैसे-तैसे शिव कुमार घिसटते हुए घर पहुंचे और पूरी बात बताई। वह बराबर पेट में दर्द होने की बात कह रहे थे। इससे पहले कि उन्हें अस्पताल लाया जाता कि उसके भाई ने दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई नन्हें लाल की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मृतक शिव कुमार के दो छोटी बेटियां भी हैं।