लकड़ी भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी, इससे बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
बंडा के गांव रसूलपुर निवासी रामआसरे अपनी पत्नी 47 वर्षीय ज्ञानादेवी के साथ बाइक से शाहजहांपुर के अस्पताल में भर्ती बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहे थे। गांव पकड़िया हकीम के पास लकड़ी भरकर जा रहे एक ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक ने ट्रैक्टर को लापरवाही से चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में ज्ञानादेवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामआसरे घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों ने घायल को पुवायां के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और ज्ञानादेवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। मौके से ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर थाने लाकर सीज कर दिया गया है। रामआसरे की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। ज्ञाना देवी की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।