खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव उत्तमपुर में मार्ग पर कब्जा करने का विरोध करने पर दबंगों ने एक परिवार पर जमकर कहर बरपाया। घर में घुसकर गृहस्वामी और उसके बेटे को बुरी तरह पीटा। आरोप है कि पुत्रवधू बचाने आई तो दबंगों ने उसे भी निर्वस्त्र करके पीटा। पीड़ित परिवार थाने शिकायत लेकर गया तो पुलिस ने घंटों थाने में बैठाए रखा। बाद में पीड़िता के पति को ही हवालात में डाल दिया।
गांव उत्तमपुर निवासी जयराम का कहना है कि उनके घर के बाहर सार्वजनिक रास्ता है। वह कई साल से इसी रास्ते से होकर निकलते हैं। आरोप है कि निकास की इस जगह पर पड़ोस के दबंग कब्जा करना चाहते हैं। शनिवार को इन लोगों ने रास्ते पर कब्जे की कोशिश की तो जयराम ने विरोध किया। इस पर वे असलहे लेकर घर में घुस आए। इन लोगों ने जयराम और उनके बेटे अशोक को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। जब अशोक की पत्नी सरोजनी बचाने आई तो दबंगों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और फिर बुरी तरह पीटा।
जयराम अपने बेटे और बहू को लेकर रात में ही करीब आठ बजे थाने पहुंचे और तहरीर दी लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें 11 बजे तक बैठाए रखा। बाद में जयराम और सरोजनी को तो छोड़ दिया, लेकिन अशोक को हवालात में डाल दिया।
राजनीतिक लोग मामले को दे रहे तूल: एसओ
एसओ इफ्तेखार अहमद ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है। घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। कुछ राजनीतिक लोग मामूली विवाद को बेवजह तूल दे रहे हैं। महिला को निर्वस्त्र करके पीटने की बात गलत है।