साथी की गोली लगने से एक इंजन चोर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी का इलाज कराने के बाद उसे जेल भेज दिया है।
गांव सिरयाली निवासी रामेंद्रपाल सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह चार बजे वह खेत की रखवाली करने जा रहे थे। रास्ते में जंगल की ओर से दो युवक बाइक से आते दिखे। टोकने पर दोनों युवक भागने लगे। इस बीच जंगल का वाचर दाताराम मौके पर आ पहुंचा। उसने दाताराम की मदद से गांव समुलिया के केशव को पकड़ लिया। केशव ने मौके से भाग रहे अपने साथी को मदद के लिए आवाज दी तो चोर ने फायर कर दिया, लेकिन गोली केशव के ही पुट्ठे पर जा लगी।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चोर को अस्पताल भिजवाया। बाइक पर रखे बोरे से सिंचाई वाले इंजन का सामन बरामद हुआ है। केशव ने बताया कि उसने साथी के साथ गांव बरौना के सर्वजीत के इंजन का सामान चोरी किया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि चोर का पूरा गिरोह है। केशव भी शातिर है और उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के लोगों की तलाश की जा रही है। खुटार के कबाड़ी को भी हिरासत में लिया गया है। इलाज के बाद चोर को जेल भेज दिया गया।