भावलखेड़ा ब्लाक में थाना रोजा क्षेत्र के गांव अहमदपुर टिकक्ल में मंगलवार शाम करीब चार बजे ग्रामीणों ने जोनल मजिस्ट्रेट पर पथराव कर दिया। पुलिस ने लाठीचार्ज करके ग्रामीणों पर काबू किया। सुरक्षा के लिहाज से गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है।
गांव के प्राथमिक स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर एक व्यक्ति राशनकार्ड लेकर वोट डालने जा रहा था। दूसरे पक्ष के प्रत्याशी ने इस पर आपत्ति जताई। इसी को लेकर दो प्रत्याशी आपस में भिड़ गए। घटना की सूचना पर पहुंची जोनल मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी ने दोनों पक्षों के समझाने का प्रयास किया, लेकिन एक प्रत्याशी ने अभद्र भाषा का प्रयोग कर दिया। जोनल मजिस्ट्रेट के आदेश पर पोलिंग पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने दोनों प्रत्याशियों का पकड़ लिया। इससे उत्तेजित हुई महिला और पुरुषों की भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। जिसमें एक पत्थर जोनल मजिस्ट्रेट के लगा। कई पुलिसकर्मी पत्थर लगने से घायल हो गए। सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह और सीओ सिटी डॉ. कष्ण गोपाल यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ और उत्तेजित हो गई। हालत बिगड़ते देखकर सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने लाठाचार्ज शुरू कर दिया। लाठीचार्ज के बाद पुलिस तितर-बितर हो गई। पुलिस ने भीड़ को गांव के बाहर तक खदेड़ दिया। पुलिस ने पांच-छह लोगों को हिरासत में लिया है।
प्रत्याशियों के घरवालों को थाने पर बिठाया
सेहरामऊ दक्षिणी (ब्यूरो)। विकास खंड भावलखेड़ा एवं ददरौल के पड़ने वाले 84 गांवों की 72 ग्राम पंचायतों में हुए प्रधान पद एवं ग्राम पंचायत सदस्य पद के चुनाव को शांतिपूर्वक कराने के लिए डीएम ने भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र के कुतुबापुर, चंदगोई, महमदपुर, सेहरामऊ दक्षिणी, रौरा, नागरपाल आदि गांवों में बने बूथो पर पहुंचकर निरीक्षण करते हुए चुनाव में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश मतदान कर्मचारियों को दिया। वहीं थाना प्रभारी शाहिद अली ने गांव महोलिया निवासी प्रत्याशी के भाई सतीश सिंह, गांव सिंगरहा के अजीत कुमार सिंह व राजीव सिंह एवं बादशाहनगर के मुन्ना सिंह तथा सिउरा के राकेश व चंदगोई के हरेराम वर्मा व राजेश्वर को चुनाव संपन्न होने तक थाने पर बिठाए रखा।