महिला की नहीं हो सकी शिनाख्त
ट्रक की चपेट में आया नेपाली वृद्ध
सड़क हादसों में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस महिला की शिनाख्त नहीं करा सकी।
नेपाल के जिला दिलाजाजर कोट के गांव डिगा निवासी साठ वर्षीय दत्ताकानी अपने साथियों के संग रोडवेज की बस से मजदूरी के लिए हरिद्वार जा रहे थे। बुधवार रात लगभग नौ बजे बस मोहम्मदी रोड पर रोजा थाना क्षेत्र में एक ढाबेे पर रुकी। इसी दौरान दत्ताकानी पेशाब जाने के लिए सड़क पार करने लगे तभी मोहम्मदी की ओर से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल दत्ताकानी को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां कुछ देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव दत्ताकानीके साथी नरेश को सौंप दिया।
इधर, नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात गुर्री चौकी से कुछ आगे डिबाइडर के पास किसी चौपहिया वाहन की चपेट में आकर 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। महिला बैंगनी रंग की फूलदार धोती और ब्लाउज पहने थी। उसके बाएं हाथ पर गमला गुदा हुआ था।