भैरोपुर औरैया निवासी अब्दुल करीम ने बहू और उसके पहले पति और घरवालों पर बेटे अनीस की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया है। उसने अदालत के आदेश पर गुरुवार दिबियापुर थाने में महिला, उसके पहले पति और परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि महिला उसके बेटे अनीस की शादी दिबियापुर के मेरकपुर निवासी अखलाक की बेटी पिंकी से तीन साल पहले हुई थी। शादी के बाद पिंकी के पहले पति अद्दा का आना जाना हो गया था।
इस पर वह फिर से उससे निकाह करने के लिए अनीस पर तलाक देने का दबाव बना रहा था। 27 जुलाई 2016 को पिंकी की मां हुस्ना, बहन कल्ली, भाई सलमान, मौसी रुखसाना, मामा शकील, मौसिया काले, फूफा इसराज, पहला पति अद्दा, अद्दा का भाई सहरुन उसके घर आए। यहां से सभी उसके बेटे अनीस को मेरकपुर में मिलाद शरीफ के बहाने अपने साथ ले गए।
कई दिनों तक उसका बेटा घर वापस नहीं आया। इस पर वह मेरकपुर गांव गया। वहां लोगों ने बताया कि अनीस कुछ दिन पहले पिंकी के परिजनों के साथ आया तो था, परंतु तब से ही सभी गायब हैं। आरोप लगाया कि पत्नी पिंकी, उसके मायके के लोगों, पहले पति एवं उसके परिजनों ने अनीस की हत्या कर कर लाश गायब कर दी। दिबियापुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ न्यायालय के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।