अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। सेहरामऊ दक्षिणी थाना के पास मंगलवार की रात करीब आठ बजे साइकिल सवार 35 वर्षीय मंगूलाल रोडवेज बस की चपेट में आ गए, इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके अलावा पुवायां में मंगलवार रात शाहजहांपुर रोड पर ग्राम बड़ागांव के तुलाराम बाबा स्थान के पास ट्रक चालक ने खड़ी डीसीएम में टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम चालक बंडा के मोहल्ला रामनगर कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय दिनेश कुमार की मौत हो गई।
क्षेत्र के गांव फरीदापुर निवासी नन्नके का 35 वर्षीय बेटा मंगूलाल महमंदपुर भट्टे पर मजदूरी करता था। मंगलवार शाम वह भट्टे पर काम करने के लिए साइकिल से निकला था। रात करीब आठ बजे थाने के सामने हरदोई की तरफ से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आकर मंगूलाल की मौत हो गई। कोहरे का फायदा उठाकर चालक मौके से बस लेकर फरार हो गया। घटना की खबर फैलते ही भीड़ जमा हो गई।
बुधवार की सुबह शव की शिनाख्त हुई, जिसपर पुलिस ने मंगूलाल के घर सूचना दी। खबर सुनकर मंगूलाल के घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी रामगुनी भी रोती पीटती अस्पताल पहुंच गई। मृतक के दो बेटे और एक बेटी है। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुवायां। मंगलवार रात दिनेश डीसीएम लेकर शाहजहांपुर जा रहा था। तुलाराम बाबा स्थान के पास अचानक वाहन की लाइट खराब हो गई। दिनेश, वाहन की लाइटें सही करने लगा। इस बीच शाहजहांपुर की ओर से आ रहे ट्रक चालक ने डीसीएम में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दिनेश को जिला अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया।
दिनेश की मौत की जानकारी घर पहुंची तो पत्नी रूपादेवी गश खाकर गिर पड़ी और परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग रात में ही जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गए। मृतक के तीन पुत्र और एक पुत्री है। पत्नी रूपा ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।