फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो घरों से चार लाख की नकदी सहित 12 लाख की चोरी

Sun, 21 May 2017 11:56 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो शाहजहांपुर। 
विज्ञापन
demo pic - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पीड़ितों ने दी पुलिस को तहरीर, दर्ज नहीं की गई रिपोर्ट
विज्ञापन

मकसूदापुर/बंडा। बंडा के गांव सड़िया में दो घरों से चोर चार लाख की नकदी सहित लगभग 12 लाख रुपये की संपत्ति चुरा कर ले गए। रविवार सुबह चोरी का पता चलने पर पीड़ितों के परिवार में खलबली मच गई। भारी चोरी से परिवार के लोगों के होशोहवास गुम हैं। तहरीर दिए जाने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। 
गांव सड़िया निवासी गौरव शुक्ला बीमा अभिकर्ता हैं। कुछ दिन पूर्व उन्होंने अपनी पुरानी कार बेची थी और नई कार लाने के लिए घर में चार लाख रुपये रखे थे। शनिवार रात चोरों ने खिड़की खोल कर उनके घर में घुसकर चार लाख रुपये की नकदी, सोने के चार लॉकेट, 13 अंगूठी, तीन जोड़ी झुमकी, कुंडल, मंगलसूत्र, एक हार, चार जोड़ी पायल सहित दो किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोर यहां से लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर गए।  
विज्ञापन

इसके बाद चोरों ने गांव के ही सोमेंद्र के घर को निशाना बनाया। चोर यहां दीवार के सहारे घर में दाखिल हुए और पांच हजार की नकदी, सोने के कुंडल, नथ, पायल, कमर बिछुआ, हथफूल के अलावा मायके आई पुत्री पूनम के जेवर समेत करीब दो लाख का माल चोरी कर ले गए। दोनों परिवारों के लोगों को रविवार सुबह चोरी का पता चला तो उन लोगों में खलबली मच गई। गौैरव शुक्ला और सोमेंद्र ने बंडा जाकर पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसओ महेंद्र सिंह ने बताया कि गौरव शुक्ला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। दूसरी घटना में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। 

 
पुवायां में दो दुकानों से एक लाख रुपये की संपत्ति चोरी
व्यापारियों ने दी तहरीर, दर्ज नहीं किया मामला

शनिवार रात चोरों ने नगर में दो दुकानों से नकदी सहित एक लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
नगर के मोहल्ला कमलबाग निवासी मनीष गुप्ता की शाहजहांपुर रोड पर मोहन इलेक्ट्रिकल्स के नाम से बिजली के सामान की दुकान है। शनिवार रात चोरों ने दुकान में नकब लगाकर 20 हजार रुपये की नकदी और लगभग 50 हजार रुपये का बिजली का सामान चोरी कर लिया। शाहजहांपुर रोड पर ही मोहल्ला शास्त्रीनगर के प्रमोद कुमार की पांडे किराना स्टोर नाम से दुकान है। प्रमोद की दुकान की खिड़की उखाड़कर चोरों ने दो हजार की नकदी सहित लगभग 32 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। 
रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यापारियों को चोरी का पता चला। सूचना पर तमाम व्यापारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की। कोतवाली प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। 

 
चौकीदार की पिटाई कर वर्कशॉप से हजारों की लूट
शोर मचाने पर भाग गए लुटेरे, पुलिस को दी तहरीर
एसपी कार्यालय में पत्र देकर की कार्रवाई की मांग 
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र में एक वर्कशॉप के चौकीदार को कुछ लोगों ने पीटकर बेदम कर दिया और यहां से पांच हजार की नकदी और  कीमती लोहा लूट ले गए। चौकीदार ने थाना पुलिस के साथ ही एसपी कार्यालय में भी पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। चौकीदार ने लूटपाट करने वाले लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। 
विज्ञापन

जिला हरदोई के थाना मझिला क्षेत्र के गांव विजगमा निवासी हरिराम ने बताया कि वह मिश्रीपुर में रेयॉन स्कूल के पास अकील की वर्कशॉप पर चौकीदार है। शुक्रवार रात लगभग दो बजे कुछ लोग आ गए और वर्कशॉप से लोहा चोरी करने लगे। खटपट की आवाज सुनकर उसने बदमाशों को ललकारते हुए आवाज लगाई तो उन लोगों ने तमंचे निकाल लिए और उस पर हमला बोल दिया। उन लोगों ने उसे मारपीट कर बेदम कर दिया और उसके पास से पांच हजार रुपये की नगदी व कीमती लोहा लूट लिया। बदमाशों की पिटाई से उसके पैर में काफी चोट आ गई और खून भी निकल आया। शोर मचाने पर वह लोग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। उसने दूसरा शिकायती पत्र एसपी कार्यालय में भी दिया है। पीड़ित ने यह भी बताया कि उसने बदमाशों को पहचान भी लिया है। पुलिस ने मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें