सोमवार रात चोरो ने एक ही मोहल्ले के दो मकानों को अपना निशाना बनाया। इन घरों में घुसे चोर 26 हजार रुपये नगदी समेत लाखों के जेवर उड़ा ले गए। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह को घर वालों के जागने पर हुई। इसकी तहरीर थाने में दे दी गई है, लेकिन देर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।कस्बे के मोहल्ला रमजाननगर निवासी राजपाल सोमवार रात परिवार समेत घर में छत सोए थे। मंगलवार सुबह जागने पर नीचे गए तो कमरे का ताला टूटा देखकर सन्न रह गए। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला टूटा था और उसमें रखे 15 हजार रुपये, सोने की झुमकी, चेन, अंगूठी तथा दो जोड़ी पायल गायब थीं। उसी मोहल्ले के नीरज भी गर्मी के चलते परिवार समेत अपने घर की छत पर सोए थे। मंगलवार सुबह जागने पर घरवालों ने देखा तो कमरे का ताला टूटा हुआ था। संदूक में रखे 11 हजार रुपये नगद, सोने के कुंडल, मंगलसूत्र, चांदी का बिछुआ, बच्चे की करधनी व खडुंआ और पायल गायब थे। इसकी चर्चा फैलने पर आसपास के तमाम लोग इकट्ठे हो गए। घटना की तहरीर देने के बाद पुलिस ने मौका मुआयना किया। मगर देर शाम तक रिपोर्ट नहीं लिखी गई।