कुबेरस्थान। कठकुइयां रेलवे स्टेशन के पश्चिम स्थित बंद रेलवे क्रॉसिंग खोलने की मांग को लेकर मंगलवार को गांववालों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान रेलवे महाप्रबंधक को संबोधित ज्ञापन मौके पर पहुंची नायब तहसीलदार को दिया।
कठकुइयां रेलवे स्टेशन के पश्चिम बनाए गए रेलवे क्रॉसिंग को रेलवे प्रशासन की ओर से बंद कर दिया गया है। इसके विरोध में मंगलवार को कटेया, लीला पट्टी, सरेयां, गुनागर पट्टी सहित आसपास के अन्य गांव के लोगों के लोग पप्पू पांडेय की अगुवाई में मंगलवार को सुबह कठकुइयां रेलवे स्टेशन के बंद पडे़ रेलवे क्रॉसिंग पर एकत्र होकर धरने पर बैठ गए।
धरने में शामिल गांव वालों का कहना था कि इस रेलवे क्रॉसिंग से होकर गुजरने वाले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क से कई गांवों के लोगों का आना जाना रहता था। रेलवे क्रॉसिंग बंद हो जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे प्रशासन की ओर से रेलवे क्रॉसिंग का बंद कराया जाना अन्यायपूर्ण कार्य है। धरने की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची नायब तहसीलदार निशा श्रीवास्तव को गांव वालों ने रेल महाप्रबंधक को संबोधित तीन मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया।
इस मौके पर रामभेद प्रसाद, रोशन चौधरी, चंदन पांडेय, प्रह्लाद सिंह, प्रिंस गुप्ता, संतोष जायसवाल, कौशल्या देवी, मालती, सीमा, शशि, कुंती सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।