मोहम्मदी रोड पर थाना पसगवां क्षेत्र के गांव बरैंची के पास मंगलवार सुबह अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार सवार दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मृतक रिश्ते में ममेरे-फुफेरे भाई थे। ये लोग मोहम्मदी में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से बरेली रेफर कर दिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाबूजई निवासी महरूम नईम खां के 26 वर्षीय बेटे अनस खां, अपने छोटे भाई 15 वर्षीय अदनान, फुफेरे भाई 20 वर्षीय नदीम खां पुत्र सलीम खां और दोस्त मुहल्ला कीर्तिनगर निवासी एहसन खां उर्फ पप्पू पुत्र असलम खां के साथ मोहम्मदी क्षेत्र के गांव धमौली में शादी समारोह में शामिल होने कार से जा रहे थे। मोहम्मदी रोड पर बरैंची के पास किसी अज्ञात वाहन ने कार में पीछे से टक्कर मार दी। इससे कार पलटती हुई खाई में जा गिरी। कार में फंसे लोगों की चीख-पुकार पर आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। अनस और नदीम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एहसन और अदनान घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां एहसन की हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों के हवाले कर दिया।
दो मौतों से घर में मचा कोहराम
अनस और नदीम के घर मोहल्ले में आसपास ही हैं। दोनों की मौत से उनके घरों में कोहराम मच गया। अनस के पिता नईम खां की तीन साल पहले ब्रेन हैमरेज से मौत हो गई थी। अनस की मां नाहिद बेटे की मौत से सदमे में आ गई हैं। अनस अपने तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर थे। वहीं नदीम की मां शाहीन और बहन नेहा, समरीन और फातिमा का रो-रोकर बुरा हाल है। नदीम के छोटा भाई इरफान मां और बहन को समझाने का प्रयास कर रहा है।
दोनों भाई थे होनहार
अनस बरेली के फ्यूचर कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रहे थे। वहीं नदीम जीएफ कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे। परिवार वालों के मुताबिक, दोनों भाई पढ़ाई में बहुत तेज थे। रिश्तेदारी के साथ-साथ दोनों में गहरी दोस्ती थी। समय मिलने पर दोनों एक दूसरे से भविष्य को लेकर बातचीत किया करते थे।
घरों में लगा लोगों का तांता
घटना की खबर सुनने के बाद अनस और नदीम के घर में तांता लग गया। दो मौतों से मोहल्ले में उदासी छा गई। पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों के शव घर पहुंचे तो उन्हें देखने के लिए काफी भीड़ इकट्ठी हो गई।