होली पर ट्रेनों में जीआरपी ने चेकिंग बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को न केवल चलती ट्रेनों में चेकिंग की गई, बल्कि स्टेशन पर खड़े होने के दौरान भी ट्रेनों को चेक किया गया। संदिग्ध नजर आने वाले यात्रियों और बैग आदि वस्तुओं को विशेष तौर पर चेक किया गया।
जीआरपी के अपर पुलिस महानिदेशक और लखनऊ अनुभाग के एसपी के निर्देश पर ट्रेनों में विशेष सुरक्षा सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। इसी के चलते बृहस्पतिवार को भी ट्रेनों में जीआरपी ने विशेष सतर्कता बरती। साथ ही प्लेटफार्म पर भी चेकिंग अभियान चलाया गया।
सुबह करीब नौ बजे से जीआरपी ने मेटल डिटेक्टर लेकर स्टेशन की चेकिंग करना शुरू कर दिया। दोपहर तक एनईआर रेलवे स्टेशन और स्टेशन का चप्पा-चप्पा जीआरपी ने चेक किया। हालांकि शाम तक कोई खास मामला पकड़ में नहीं आया। जीआरपी ने अप लाइन में डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस और अवध आसाम एक्सप्रेस को चेक किया। वहीं डाउन लाइन की पंजाब मेल, राज्यरानी एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, गुवाहटी एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एवं श्रमजीवी एक्सप्रेस पर अधिक ध्यान दिया।
जीआरपी के इंस्पेक्टर डीके उपाध्याय ने बताया कि सिपाहियों को ट्रेनों में लगातार गश्त करते रहने के निर्देश दिए हैं। कहा कि साथ ही यह हिदायत भी दी कि वे लोग संदिग्ध व्यक्तियों, बैग या सामान की खास चेकिंग करें। इसके साथ ही यात्रियों को किसी अंजान व्यक्ति द्वारा दिया गया सामान न लेने के बारे में जरूर बताएं। इससे ट्रेनों में जहरखुरान या अन्य घटनाओं पर बहुत आसानी से रोक लगाई जा सकती है।
महिला सुरक्षा पर रहा विशेष ध्यान
ट्रेनों में यात्रा करने के दौरान महिलाओं के छेड़खानी या अन्य किसी तरह की वारदात न हो इसके लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसी के चलते महिला बोगी के साथ ही अन्य बोगियों में चलने वाली महिलाओं की सुरक्षा के प्रति विशेष सावधानी बरती जा रही है।
ट्रेनें फुल, पायदानों पर लटक यात्रा की पूरी
शाहजहांपुर। होली पर डाउन लाइन की सभी ट्रेनें फुल होकर आ रही हैं। इन ट्रेनों में तमाम यात्री पायदान पर लटककर यात्रा करते नजर आए। इसके अलावा जनरल बोगियों की स्थिति और भी खराब थी, यहां यात्री शौचालयों और उसके आसपास बैठकर यात्रा करने को मजबूर थे। कई ट्रेनों की रिजर्व बोगियों में भी जनरल टिकट लेने वाले यात्री घुसे हुए थे, जिन्हें बाहर निकालने में आरपीएफ और जीआरपी परेशान हो गई।
दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनों की हालत ज्यादा खस्ताहाल मिली। इन ट्रेनों में बैठने और उतरने में काफी धक्का-मुक्की हुई। स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों की माने तो उन लोगों ने आधी से ज्यादा यात्रा खड़े-खड़े तय की है।
बुकिंग काउंटरों पर नहीं दिखी भीड़
बृहस्पतिवार को शहर से अन्य स्थानों पर जाने वाले यात्रियों की भीड़ अन्य दिनों की तुलना में कम नजर आई। इसका असर बुकिंग काउंटर पर नजर आया। अन्य दिनों में जहां पर लंबी लाइनें लगतीं थी, वहीं पर सन्नाटा नजर आया। टिकट खरीदने में शायद ही किसी को परेशानी हुई।
घर जाने की जल्दी में पहुंचे हवालात
शाहजहांपुर। होली पर घर जाने की जल्दी में 12 पुरुष यात्रियों को महिला बोगी में बैठना काफी महंगा पड़ गया। इन लोगों को घर जाने की जल्दी में एक रात हवालात में काटनी पड़ी। बाद में पकड़े गए यात्रियों को बरेली में रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।
ट्रेनों में बैठने की जगह न मिलने पर जिसे बोगी में घुसने की जगह मिली। वह वहीं लटक गया। इसी जल्दबाजी में दिल्ली से फैजाबाद की ओर से जा रहे 12 यात्री महिला बोगी में घुस गए। डाउन लाइन की फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस में इन यात्रियों को बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे आरपीएफ ने स्टेशन पर उतार लिया। साथ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई करके हवालात में डाल दिया। बृहस्पतिवार को सुबह बरेली के रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।
ट्रेनें लेट होने से यात्री परेशान
होली पर हर कोई घर जाने की जल्दबाजी में नजर आ रहा है। वहीं अप और डाउन की ट्रेनें लेट होने से यात्रियों को परेशान होना पड़ा। बृहस्पतिवार को अप लाइन की जननायक एक्सप्रेस नौ घंटे, शहीद एक्सप्रेस 12 घंटे, त्रिवेणी एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे सहित कई अन्य ट्रेनें भी लेट रहीं। यही स्थिति डाउनलाइन की ट्रेनों की रही। जननायक एक्सप्रेस 10 घंटे, सीतापुर पैसेंजर ढाई घंटे समेत अन्य कई ट्रेनें भी करीब एक से दो घंटे तक देरी से स्टेशन पर पहुंची।