ईदगाह रोड पर मोहल्ला मामूड़ी में सोमवार की रात चोरों ने बंद मकान से नगदी सहित लाखों की कीमत के जेवर आदि सामान चुरा लिया। वारदात के समय मकान स्वामी परिवार के साथ पैतृक गांव नरायनपुर पुवायां गए हुए थे। मंगलवार देर शाम वापस आने पर जानकारी हुई। सूचना पुलिस को दे दी गई। चोर मेन गेट की दीवार फांदकर मकान के अंदर दाखिल हुए। सीओ सिटी ने भी मौका मुआयना कर जानकारी ली।
थाना सदर बाजार क्षेत्र में ईदगाह रोड स्थित मोहल्ला मामूड़ी निवासी मोहम्मद कलीम के पिता अनवार हुसैन का सोमवार को इंतकाल हो गया था। इसलिए वह मकान में ताला लगाकर परिवार के साथ पुवायां क्षेत्र में स्थित पैतृक गांव नरायनपुर गए थे। पिता के शव को सुपुर्द-ए-खाक कराने के बाद वह मंगलवार रात साढ़े आठ बजे घर लौटे और मेन गेट का ताला खोलने के बाद दरवाजे को धक्का दिया तो दरवाजे नहीं खुले। इस पर उन्हें शक हुआ वह पड़ोसी के घर से अपने घर पहुंचे तो अंदर कमरों व चैनल आदि का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। कमरों में जाकर देखा तो वहां भी बक्से, लोहे की अलमारी आदि के ताले टूटे पड़े थेे। सत्तर हजार की नगदी सहित लाखों की कीमत का सामान गायब था। पीड़ित ने मामले की सूचना सीओ सिटी सुमित शुक्ला को दी। वह सदर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जानकारी कर रही थी।
00
नहीं लिखी गई रिपोर्ट
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हुंडाल खेल में शिवम् वर्मा की परचून की दुकान में हुई चोरी की रिपोर्ट तहरीर दिए जाने के बाद दूसरे दिन भी पुलिस ने दर्ज नहीं की है। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है।
000
नहीं लगा लुटेरों का सुराग
मीरानपुर कटरा। जलालाबाद स्टेट हाईवे पर तीन दिन पहले बाइक लूट की वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरों का पुलिस सुराग नहीं लगा सकी है। गांव गुनारा निवासी हफीज पुत्र इमाम बख्श की मोहल्ला नादिरशाह में ससुराल है। शनिवार की शाम वह घर से ससुराल जाने के लिए बाइक से निकले थे। रात साढ़े नौ बजे जब वह कटरा-जलालाबाद स्टेट हाईवे पर गांव फीलनगर के सामने कटरा की ओर आ रहे थे, पीछे से दो बाइकों पर आए पांच बदमाशों ने आठ हजार की नकदी, मोबाइल, बाइक लूट ली।