कार चालक की हत्या के बाद जांच करते एसपी सिटी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के राजा का ताजपुर में बदमाशों ने सोमवार की रात ताजपुर के पास मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा निवासी चालक की हत्या कर कार लूट ली। बदमाश कार को किराए पर नूरपुर आने के लिए तय करके लाए थे।
चालक के चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने लूट और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी ने मौके का मुआयना किया। सोमवार की रात करीब एक बजे गश्ती पुलिस को स्योहारा रोड पर ताजपुर से कुछ आगे चर्च तिराहे के पास एक युवक का शव पड़ा मिला।
युवक के सिर पर गोली का निशान था और वहां काफी खून फैला हुआ था। मरने वाले की जेब से निकली वोटर कार्ड से उसकी शिनाख्त मुरादाबाद जनपद के ठाकुरद्वारा के मोहल्ला जमनावाला निवासी फिरोज (24) के रूप में हुई।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि ठाकुरद्वारा निवासी अब्दुल रहमान अपनी कार को टैक्सी के रूप में चलाता है। उसकी कार पर फिरोज बतौर चालक काम करता था। सोमवार की शाम तीन युवकों ने उसकी कार को ठाकुरद्वारा से नूरपुर आने के लिए किराए पर तय किया था।
रात करीब साढ़े नौ बजे वह नूरपुर के लिए कार लेकर निकल गया। राजा का ताजपुर के पास किराए पर कार लेकर आए युवकों ने उसकी हत्या कर दी और कार लूटकर फरार हो गए।
फिरोज के चचेरे भाई अनवर की तहरीर पर पुलिस ने बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुबह एसपी सिटी आरडी चौरसिया ने घटनास्थल का मुआयना कर पुलिस को मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।