लड़की के पिता के पास डाक से पहुंचा पत्र
रुपये नहीं मिलने पर दूल्हे को मार डालने की धमकी
दस लाख रुपये लड़के के पिता से दिलवाओ। रुपये नहीं मिलने पर लड़के को मार डालेंगे। ऐसा पत्र डाक से लड़की के परिवार में मिलने पर हड़कंप मच गया। लड़की के पिता ने लड़के के परिवार वालों को सूचना दी। इसके बाद दोनों के परिवार वालों ने पुवायां कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने परिवार के लोगों को मामले की जांच करने और उचित सुरक्षा व्यवस्था करने का भरोसा दिया है।
बंडा थाना क्षेत्र के गांव तिंदुआ निवासी राजेंद्र कुमार ने अपनी पुत्री प्रीती की शादी पुवायां के गांव भूरखेड़ा निवासी राकेश गुप्ता के पुत्र संदीप के साथ तय की थी। कुछ दिन पूर्व तिलक भी हो गया था। नौ दिसंबर को पुवायां के एक मैरिज लॉन में शादी होनी है। इससे एक दिन पहले बृहस्पतिवार को राजेंद्र के पास डाक से एक पत्र पहुंचा। जिसे खोलकर उन्होंने पढ़ा तो उनके होश उड़ गए। पत्र में लिखा गया है कि तुम जिस लड़के से अपनी पुत्री की शादी कर रहे हो उसके पिता राकेश से हमे दस लाख रुपये दिलवाओ। हमे पता है कि राकेश गुप्ता दस लाख रुपये नहीं देंगे। इसलिए तुम अपनी पुत्री की शादी राकेश के पुत्र के साथ न करो। क्योंकि हम उसे मार देंगे। पत्र में प्रेषक का नाम और पता मेवाराम पुवायां लिखा हुआ है। इसके बाद लड़की के घर के लोगों ने मामले की जानकारी राकेश गुप्ता को दी। पुवायां में दोनों परिवारों के बीच काफी देर तक वार्ता होने के बाद राकेश गुप्ता ने कोतवाली पहुंचकर डाक पत्र के साथ तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों परिवार के लोगों को शादी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था करने और जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।
लड़के के पिता की ओर से मिली तहरीर के बाद मामले की जांच की जा रही है। शादी में किसी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए सुरक्षा दी जाएगी।
-अशोक पाल कोतवाली प्रभारी पुवायां