थाना रोजा क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में रहने वाले 25 वर्षीय मनोज वर्मा ने बृहस्पतिवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार वालों के मुताबिक वह मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बहादुरपुर निवासी रामकिशन के छोटे बेेटे मनोज की दो साल पहले गांव हथौड़िया निवासी महेश वर्मा के बेटी भारती से शादी हुई थी। मनोज मजदूरी करता था। रामकिशन के मुताबिक, पिछले कुछ समय से मनोज की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। मनोज अक्सर घर से बगैर बताए निकल जाता था। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े दस बजे मनोज बगैर बताए चला गया। काफी देर तक नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव के बाहर जंगी के खेत में लगे आम के पेड़ से मनोज का शव लटकता मिला। मनोज ने रस्सी से फांसी लगाई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मनोज के शव को फांसी के फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मनोज की मौत से पत्नी भारती बेसुध हो गई है।