नशे के आदी युवक ने सोमवार शाम घर के अंदर कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। कस्बा निवासी 22 वर्षीय अजय कुमार नशे का आदी था। उसके पिता जगदीश व मां की मौत हो चुकी है। परिवार में उसका दस साल का छोटा भाई पिंटू और दादी नन्हीं देवी रहती हैं। सोमवार सुबह 11 बजे दादी शाहजहांपुर में बैंक से पेंशन की रकम निकालने चलीं गईं और छोटा भाई घर के बाहर बच्चों के साथ खेलने लगा। इसी बीच उसने घर के अंदर कमरे में पहुंचकर तहमद से गले में फांसी का फंदा कसा और कुंडे से झूल गया। शाम लगभग चार बजे दादी जब शाहजहांपुर से लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद देखकर अजय को आवाज लगाई लेकिन अंदर से जवाब नहीं आने पर उसने मोहल्ले के लोगों और पुलिस को सूचना दी। दरवाजे की कुंडी तोड़कर उसके शव को फंदे से उतारा गया। उसकी जेब से पुलिस ने नशे की गोली का एक पत्ता भी बरामद किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। इंस्पेक्टर केके तिवारी ने बताया कि अजय नशे का आदी था, इसी वजह से उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसकी जेब से नशे की गोलियों का एक पत्ता भी बरामद हुआ है।