थाना खुदागंज क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्मीनगर में रहने वाले नरवीर कश्यप का 18 वर्षीय बेटे टीटू का शव रविवार को जामुन के पेड़ में लटका मिला। मृतक के पिता ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के पिता नरवीर ने बताया कि उनका बेटा टीटू दिल्ली में नौकरी करता था। शुक्रवार को वह दिल्ली से घर आया था। शनिवार को वह दिल्ली वापस जाने को था। उसने शाम को अपनी मां संता से किराए के लिए पांच सौ रुपये लिए। इसके बाद वह घूमने चला गया। रविवार की दोपहर घर से करीब एक किलोमीटर रामेश्वर गौटिया में लाल सहाय के खेत में लगे जामुन के पेड़ से टीटू का शव लटकता मिला। नरवीर ने बताया कि पड़ोसी से 15 दिन पहले झगड़ा हो गया था। पड़ोसी ने उसका टटिया तोड़कर फेंक दी थी। दोनों तरफ से पुलिस में तहरीर दी गई थी। जिसमें पुलिस ने पड़ोसियों की तरफ से मारपीट और एससीएसटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। जिसमें नरवीर को जेल भी जाना पड़ा था। नरवीर से दुश्मनी के कारण ही पड़ोसियों ने उनके बेटे की हत्या करके शव पेड़ से लटका दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी से लटककर होना बताई गई है। एसओ खुदागंज इफ्तेखार अहमद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत फांसी लगने से हुई है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।