क्षेत्र के गांव अरेली में रहने वाले घायल अरविंद की सोमवार को बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बता दें कि थाना क्षेत्र के गांव अरेली निवासी लालाराम ने धर्मवीर से 10 हजार रुपये उधार लिए थे। लालराम ने दस-दस हजार करके तीस हजार रुपये धर्मवीर को वापस कर दिए। 12 नवंबर को शाम पांच बजे धर्मवीर ने लालाराम से कहा कि उधार लिए रुपये दो। लालाराम ने कहा कि गन्ना पड़ने के बाद होली तक दे दूंगा। इस पर धर्मवीर बोला रुपये आज ही चाहिए। इसी बीच गांव के ही राजबहादुर उधर से गुजर रहे थे। विवाद देख रुके और धर्मवीर से कहा कि सबर करो, होली में ले लेना। धर्मवीर खौल गया और राजबहादुर से बोला, हिमायती बनते हो रुपये तुम ही दे दो। इसी बीच बढ़े विवाद में धर्मवीर के पक्ष के नौ लोग लाठी-डंडा तमंचे लेकर आ पहुंचे और तमंचे से फायर किए। हमलावरों द्वारा चलाया गया फायर राजबहादुर के पुत्र पुत्र अरविंद सिंह के पेट में जा लगा और राजबहादुर, उनके पुत्र बबलू, रंजीत, लालाराम घायल हो गए। अरविंद को उपचार के लिए निगोही अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर घायल अरविंद को बरेली के राममूर्ति अस्पताल भेजा गया, जहां सोमवार को सुबह छह बजे उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष विजेंद्र, परविंदर सुखविंदर, राजवीर, धर्मवीर, जितेंद्र,जसंदिर, सुनील, मनोज सहित नौ लोगों के विरुद्ध धारा 147, 148, 149, 452, 352, 307, 3, 2, 10 एसटी एक्ट, 7 क्रिमिनल लॉ के तहत पुलिस रिपोर्ट दर्ज की है। सुनील, परविंदर, सुखविंदर तीन लोगों को छोड़कर छह लोगों को जेल भेजा जा चुका है।