ट्रक से कुचलकर पत्नी की मौत, पति घायल
शाहजहांपुर। बृहस्पतिवार सुबह फरीदपुर (बरेली) में रिश्तेदार के घर भागवत् कथा समापन कार्यक्रम में शरीक होने जा रहे बाइक सवार दंपति नगरिया मोड़ पर अज्ञात ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में पत्नी रामबेटी (45) गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल से उसे बरेली रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, रामबेटी के पति रामदेव (50) को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। ये दंपति आरसी मिशन थाना क्षेत्र के सराय काइयां मोहल्ले के निवासी हैं। हादसे के वक्त दोनों में से किसी ने हेल्मेट नहीं पहन रखे थे।
सड़क हादसे में स्टाफ नर्स की मौत
पुवायां। पुवायां सीएचसी पर तैनात संविदा स्टाफ नर्स सोनाली अवस्थी की मार्ग दुर्घटना के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। 22 वर्षीय सोनाली अवस्थी शाहजहांपुर के कनौजिया अस्पताल के पास रहती थीं। वह बुधवार को ड्यूटी पर पुवायां आई थीं। वापस घर जाते समय शाहजहांपुर बस स्टैंड के पास मार्ग दुर्घटना में वह गंभीर घायल हो गई थीं। उनके साथ डॉ. शांति देवी और नर्स नवदीप कौर भी घायल हो गई थीं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया। मातृ एवं शिशु कल्याण महिला कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष रजविंदर कौर, पुवायां सीएचसी की डॉ. सोनिका गुप्ता, डॉ. प्रदीप कटियार, अफरोज अहमद, आरसी कनौजिया सहित स्टाफ ने सोनाली के निधन पर दुख जताया है। सोनाली की मां खुटार के सरकारी अस्पताल में बीएचडब्लू पद पर कार्यरत हैं। खुटार सरकारी अस्पताल के प्रभारी डॉ. संजीव कुमार, डॉ. संदीप वर्मा, आशुतोष चौहान, डॉ. नवीन भारती, चंद्रपाल, रमेश कुमार, आरके रस्तोगी सहित तमाम कर्मचारियों ने सोनाली के निधन पर दुख जताया है।