निगोही। पुलिस ने बृहस्पतिवार को अज्ञात युवक का सड़ा गला शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। थाना क्षेत्र के गांव चनियुरा निवासी दिनेश के गन्ने के खेत में बृहस्पतिवार को गांव के बच्चे गन्ने तोड़ने घुसे थे। बच्चों ने खेत में शव पड़ा देखा तो घबरा गए और घरवालों को इसकी खबर दी। प्रधान रामचंद्र की सूचना पर निगोही थानाध्यक्ष अवनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ ने बताया कि शव दिनेश के गन्ने के खेत में पड़ा था। चप्पलें मार्ग के किनारे संभाल कर रखी गई थीं। गले पर नीले निशान बने हैं। इससे गलादबा कर युवक की हत्या करके शव फेंके जाने की आशंका है। युवक गुलाबी शर्ट, सुरमई रंग का लोअर, सफेद बनियान ग्रे रंग का अंडर बियर पहने था। मृतक के दाहिने हाथ पर विवेक कुमार गुदा है।