गांव गुलौली निवासी सेवानिवृत्त फौजी दिलीप सिंह की हत्या उनके ही छोटे बेटे सतनाम सिंह ने की थी। यह दावा पुलिस ने सतनाम सिंह को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ के बाद किया है।
गौरतलब है कि 24 मई की रात गांव नाहिल से घर जाते समय सेना के सूबेदार पद से रिटायर दिलीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एक रिश्तेदार ने शव रास्ते में पड़ा देख परिवार के लोगों को हत्या की जानकारी दी थी। सूचना पाकर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा था। पूछताछ में परिवार के लोगों ने किसी से भी रंजिश होने से इंकार किया था। मृतक के बड़े पुत्र बलजीत सिंह ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस इस मामले में शुरू से ही परिवार के लोगों को शक की निगाह से देख रही थी।
बुधवार को कोतवाली प्रभारी एके सिंह ने मृतक के छोटे पुत्र सतनाम सिंह से पूछताछ की तो वह सवालों के जवाब देने की बजाय इधर उधर की बातें करने लगा। कड़ाई से पूछताछ में उसने पिता की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने सतनाम के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है।
एक वर्ष से बना रहा था पिता की हत्या का प्लान
पुवायां। सतनाम सिंह ने बताया कि उसके पिता के पास सात एकड़ जमीन थी। दो वर्ष पूर्व पिता ने दो एकड़ जमीन बेचकर रुपये बड़े भाई बलजीत सिंह को दे दिए थे। शेष पांच एकड़ में ढाई एकड़ उसे और ढाई एकड़ बड़े भाई को दे दी थी। उस पर गांव नाहिल से साहूकारों को तीन लाख रुपये कर्ज था। इसका 80 हजार रुपये ब्याज बन गया था। उसने पिता से कहा कि दो एकड़ जमीन बेचकर रुपये उसे दे और शेष जमीन का आधा-आधा बंटवारा कर दें, लेकिन पिता इसके लिए राजी नहीं थे। इस कारण वह पिता से खुन्नस मानने लगा और उनकी हत्या का प्लान बनाने लगा।
एक वर्ष पूर्व उसने गांव मरेना के एक व्यक्ति से तमंचा खरीदा। कई बार घात लगाकर पिता की हत्या करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। 24 मई को पिता गांव नाहिल आए तो वह भी आ गया और उनके पीछे लग गया। इस बीच उसने शराब भी पी। रास्ते में मौका देखकर दो गोली मारकर उनकी हत्या कर दी और घर जाकर लेट गया। सतनाम ने कहा कि पिता ने उसके साथ नाइंसाफी की इसलिए उन्हें मारने का उसे कोई दुख नहीं है। जेल से आने के बाद जमीन बेचकर अपना कर्जा उतारेगा।
तमंचा बेचने वाला फरार
पुवायां। गांव मरेना के जिस व्यक्ति ने सतनाम को तमंचा बेचा था, उसकी तलाश में पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस ने कहा कि तमंचा बेचने वाले को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।