थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला बाडूजई पेशावरी में रविवार की सुबह मामूली विवाद में दबंगों ने फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से मोहल्ले में दहशत फैल गई।
मोहल्ले में रहने वाले एजाज डेयरी संचालक है। दिन में करीब दस बजे एजाज अपनी डेयरी से भैंस निकाल रहे थे, तभी रास्ते में एक युवक की बाइक से भैंस से टकरा गई। इससे नाराज बाइक मालिक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। एजाज के विरोध करने पर बाइक मालिक ने अपने साथियों को बुला लिया और झगड़ा करने लगा। इसी बीच एजाज के पक्ष के लोग भी इकट्ठे हो गए। विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के युवक ने फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मोहल्ले में भगदड़ मच गई। एजाज पक्ष के लोगों ने फायरिंग करने वाले युवक से तमंचा छीन लिया। फायरिंग की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। फायरिंग करने वाले युवक फरार हो गए। एजाज ने दो आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।