चांदपुर / खुटार। मंगलवार की रात परिवार के सभी लोग गांव में हो रही भागवत कथा सुनने गए तो अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर नकदी और जेवर सहित लगभग पचास हजार का माल चोरी कर लिया। कथा सुनने के बाद घर पहुंचने पर गृहस्वामी ने सामान बिखरा देखा तो चोरी का पता चल सका। गांव बेला निवासी राजेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि उनके गांव में ही गौरी कुंड स्थान पर भागवत कथा हो रही थी। उनकी पत्नी का कुछ माह पूर्व निधन हो चुका है। बच्चों को लेकर मंगलवार की शाम वह कथा सुनने गया। इस दौरान चोरों ने उसके घर घुसकर कमरे में रखी पांच हजार की नकदी, एक जोड़ी झाले, टप्स, बिछिया, पायल, करधनी आदि घरेलू सामान चोरी कर लिया। रात में साढ़े दस बजे घर पहुंचने पर सामान बिखरा देख उसे चोरी की जानकारी हुई। बुधवार सुबह थाने पहुंचकर मामले की तहरीर पुलिस को दी, पुलिस ने जांच करने की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।