थाना कांट क्षेत्र के गांव बरेंडा में रहने वाले 48 वर्षीय नक्षत्रपाल की मंगलवार की रात अचानक तबीयत खराब होने से मौत हो गई। परिवार वालों के मुताबिक उनकी मौत ठंड लगने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हार्ट अटैक से होना बताई जा रही है।
मृतक के भाई प्रेमपाल ने बताया कि मंगलवार शाम खेत से घर लौटने के बाद नक्षत्रपाल को बहुत तेज ठंड लगने लगी। परिवार वालों ने उन्हें रजाई में लिटा दिया। रात करीब नौ बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। नक्षत्र की ठंड लगने की सूचना पर क्षेत्र के कानूनगो और लेखपाल गांव पहुंचे और मामले की जांच की। उनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।