हथौड़ा चौराहा के पास सोमवार की रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से रिक्शे पर सवार 26 वर्षीय पुष्पा देवी की सड़क पर गिरकर मौत हो गई, जबकि साथ बैठी रेशमवती घायल हो गईं। पुलिस ने बाइक सवार को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के गांव हथौड़ा में रहने वाले देवेश कुमार की पत्नी पुष्पा सोमवार की शाम अपनी सास रेशमवती शहर में दवाई दिलाने आईं थी। रेशमवती दिमागी रूप से कमजोर हैं। उनका इलाज कनौजिया मोड़ स्थित एक मनोचिकित्सक के पास चल रहा हैं। रात करीब दस बजे दवाई लेने के बाद पुष्पा और रेमशवती रिक्शे से घर वापस जा रहीं थीं। हथौड़ा चौराहा के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने रिक्शे में टक्कर मार दी। इससे दोनों लोग सड़क पर गिर गई। चौराहा पर तैनात पुलिस कर्मियाें ने बाइक सवार को पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने पुष्पा को मृत घोषित कर दिया। रेशमवती को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इंस्पेक्टर आरएन सिंह ने बताया कि बाइक सवार वीरू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वीरू क्षेत्र के ही गांव हथौड़िया का रहने वाला है।