मोहल्ले में दहशत, भीड़ जमा होने देख भाग गए हमलावर
चार आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा
कोतवाली क्षेत्र में कच्चा कटरा मोड़ के पास मामूली विवाद में शुक्रवार देर रात दबंगों ने एक घर के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मोहल्ले में दहशत फैल गई। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाली में चार आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मोहल्ला कच्चा कटरा निवासी बैजनाथ ने बताया कि उनके बेटे राजन के दोस्त अमरजीत के पिता शिवकुमार की बाइक शनिवार शाम कनौजिया मोड़ के पास दूसरी बाइक से टकरा गई थी। इससे शिवकुमार की दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों से कहासुनी हो गई। इसका पता लगने पर शिवकुमार का का बेटा राजन और अमरजीत मौके पर पहुंच गए। इस बीच मौके पर जमा हुए लोगों ने दोनों पक्षों में बीच-बचाव कर दिया। रात करीब 11 बजे दूसरे पक्ष के लोग मोहल्ला सिंजई निवासी अभिषेक उर्फ शेखर, आसिफ, आनंदपुरम कॉलोनी निवासी अंकित वर्मा और मनीष वर्मा दो बाइक पर सवार होकर शिवकुमार के घर जा धमके और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग अपने घरों के बाहर आ गए। लोगों की भीड़ इकट्ठी होते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके कारतूस के खाली खोखे मिले। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। उनकी तलाश में कई जगह दबिश दी गई, लेकिन शनिवार देर शाम तक आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आए।