गुवाहाटी से लालगढ़ जा रही अवध आसाम एक्सप्रेस ट्रेन में सवार लुटेरों को जाखल स्टेशन पर पकड़ने का प्रयास कर रहे दो पुलिसकर्मियों पर बदमाशों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हालांकि, बदमाशों में से एक को मौके पर ही पुलिस ने और दूसरे को जाखल मंडी के लोगों ने बाजार में धर दबोचा, लेकिन घटना में शामिल मुख्य आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।
पुलिस पकड़े गए दोनों साथियों से पूछताछ कर मुख्य आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। बताया जा रहा है कि ये बदमाश ट्रेन में लूटपाट की किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने टोहाना के भाटिया नगर निवासी चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी चरण सिंह ने बताया कि रात करीब पौने नौ बजे की घटना है। उन्हें सूचना मिली कि गुवाहाटी से लालगढ़ जाने वाली 15909 अवध आसाम एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन की साथ लगी बोगी में संदिग्ध युवक टोहाना से सवार हुए हैं, जो लूटपाट की बड़ी घटना को अंजाम देने वाले हैं। चौकी प्रभारी ने प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल करनैल सिंह को जांच के आदेश दिए।
हेड कांस्टेबल करनैल सिंह रेलवे पुलिस के कर्मी महेंद्र सैनी के साथ जब गाड़ी की बोगी में सवार दो संदिग्ध युवकों को गाड़ी से उतार कर पूछताछ करने लगे तो उनके साथी राहुल निवासी टोहाना ने चाकू निकाल कर दोनों को छुड़वाने के लिए पुलिसकर्मियों पर वार कर दिया। महेंद्र सैनी ने करनैल सिंह को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह घायल हो गया। दोनों आरोपी पुलिस से हाथ छुड़वाकर ट्रेन से उतर गए और नीचे से पथराव शुरू कर दिया।
इससे हेड कांस्टेबल करनैल सिंह के चेहरे पर पत्थर लगने से घायल हो गया। हमलावर युवक भागने लगे तो पुलिस ने उनमें से एक को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरे युवक को मंडी वासी दीपक खनेजा, पवन अरोड़ा और अन्य दुकानदारों ने पीछा करते हुए रेलवे रोड से पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी रेलवे पुलिस अधीक्षक अंबाला कुलदीप सिंह को मिली तो हिसार थाना प्रभारी अमरनाथ रात को जाखल पहुंचे। इसके बाद केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी चरण सिंह ने बताया कि टोहाना के बाल्मीकि बस्ती निवासी दीपक, सन्नी, राहुल और मोनू के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दो-तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लूटपाट करने वाला गिरोह सक्रिय
रेलवे स्टेशन पर पुलिस कर्मियों पर हमले की घटना से साफ है कि रात्रि के समय की ट्रेनों में बड़ा लूटपाट गिरोह सक्रिय है। गुवाहाटी से लालगढ़ जा रही ट्रेन में सवार उक्त बदमाश आखिर कहां और कैसे घटना को अंजाम देने वाले थे, इसका खुलासा तो अभी नहीं हो पाया है लेकिन माना जा रहा है कि अगर पुलिस को बदमाशों के ट्रेन में होने की जानकारी नहीं मिलती तो वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे।
नामजद आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज
घटना में नामजद बदमाशों में गिरोह का मुख्य सरगना राहुल निवासी टोहाना के खिलाफ पहले भी ट्रेनों में लूटपाट, गिरोह बंदी और अन्य गंभीर आरोपों में मामले दर्ज हैं। वहीं, नामजद किए गए युवक दीपक के खिलाफ भी पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का केस दर्ज है। इसके साथ पुलिस पिछले कुछ महीनों के दौरान ट्रेनों में घटी लूटपाट की घटनाओं में इन बदमाशों के शामिल होने की जांच कर रही है।
ट्रेन में हो सकती थी बड़ी वारदात
घटना वाले दिन अवध आसाम एक्सप्रेस में पुलिस की कोई गश्त नहीं थी। पुलिस चौकी में भी मात्र तीन कर्मचारी थे। माना जा रहा है कि हमलावरों को इसकी जानकारी थी, जिसके चलते ही वह ट्रेन में कोई बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थे। जाट आंदोलन को लेकर अधिकतर रेलवे पुलिस कर्मियों को धरनारत स्टेशनों की सुरक्षा पर लगाया हुआ है। वहीं, इस घटना से यात्रियों की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।