वृद्धा पर ईंट से हमला करके मारने का आरोप
ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे को लेकर रविवार की सुबह हुए विवाद में एक परिवार पर ईंट से हमला कर 65 वर्षीय त्रिवेणी देवी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि वृद्धा के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। सिर के अंदरूनी हिस्से में खून का थक्का जमा हुआ मिला है जो ब्रेन हेमरेज की वजह से भी हो सकता है। रेली गांव निवासी स्वर्गीय सुखलाल फौजी की पत्नी त्रिवेणी देवी का गांव के एक परिवार से जमीन के एक टुकड़े के लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। एक माह पूर्व हुई पंचायत के बाद त्रिवेणी देवी ने विवादित जमीन पर नींव भरवा दी थी। त्रिवेणी देवी के बेटे हरिशंकर का आरोप है कि सुबह आठ बजे विरोधी परिवार की 65 वर्षीय वृद्धा नींव की ईंटें उखाड़कर फेंकने लगी। वहां मौजूद त्रिवेणी देवी ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। इसी बीच दूसरे पक्ष के चार-पांच लोग इकट्ठे हो गए और सभी ने मिलकर उसकी मां पर ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस ने झगड़े में प्रभावी कार्रवाई नहीं की
ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों परिवारों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। बीते छह माह में दोनों पक्षों में इसे लेकर कई बार मारपीट हो चुकी है। थाने में इसकी शिकायत भी की गई लेकिन निगोही पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसके चलते झगड़ा इतना बढ़ा कि त्रिवेणी देवी को अपनी जान गंवानी पड़ी।
मृतका और आरोपी परिवार के बीच रेलवे लाइन किनारे ग्राम समाज के तालाब को पाट कर बनाई गई जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
- रजी अहमद, एसओ निगोही