फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शुक्रवार को हादसों में गई 14 लोगों की जान

Sat, 02 May 2015 12:37 AM IST
शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
जिले में शुक्रवार को हुए दस हादसों में एक बालक और चार महिलाओं समेत 14 लोगों की जान चली गई। सबसे भयंकर हादसा जलालाबाद में हुआ। यहां ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से तीन महिलाओं की मौत हो गई और 19 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों के चीत्कार ने बचाव में जुटे लोगों का कलेजा दहल गया।
विज्ञापन

जलालाबाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, तीन महिलाओं की मौत
जलालाबाद। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शाहजहांपुर रोड पर तेज रफ्तार टैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गई। इस हादसे में तीन महिलाओं की ट्रॉली के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाए व बच्चे ज्यादा हैं। हादसे के दौरान मची चीख पुकार को सुनकर राहगीरों ने ट्राली को उठाकर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को इत्तिला दी। इस बीच गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी ड्राइवर मौका पाकर फरार हो गए। पुुलिस ने लोगों के सहयोग से घायलों को सीएचसी भिजवाया, जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है जबकि गंभीर रूप से घायल आधा दर्जन लोगो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताते हैं कि जरियनपुर से जगह-जगह की सवारियां बैठाने के बाद यह ट्रैक्टर कांट को जा रहा था। तेज रफ्तार यह ट्रैक्टर जब याकूबपुर तथा बारपत्थर के बीच था तभी सामने से आ रहे वाहन को बचाने में पलट गया। पलटने के बाद ट्रैक्टर ट्राली से अलग हो गया और ट्राली गड्ढे में जाकर पलट गई। इसमें बैठे करीब 22 लोग उसमें दब गए। इसमें एक महिला की गर्दन धड़ से अलग होकर दूर जाकर गिरी। पहनावे से मुस्लिम परिवार की दिख रही इस मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
विज्ञापन

जबकि दूसरी मृतका थाना सेहरामऊ दक्षिणी के थाना कुतुआपुर की निवासी सुरेश की 45 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी उर्फ शांती थी जो अपनी बहन राजेश्वरी के साथ फर्रुखाबाद के गांव चपरा स्थित मायके से वापस ससुराल को जा रही थी। हादसे में राजेश्वरी के भी गंभीर चोटे आई है। दूसरी मृतका मिर्जापुर क्षेत्र के गांव सिंगहा युसुफपुर निवासी मलिखान की 42 वर्षीय पत्नी नीलम हैं घटना के दौरान मृतका के साथ उसके बेटे पवन व राजू भी थे जो घायल हो गए। यह सभी कांट स्थित अपनी रिश्तेदारी में बारात में जा रहे थे। इसके अलावा घायलों में गांव पथरा निवासी बालकराम की पत्नी शीला तथा उसका 14 साल का पुत्र प्रमोद, गांव गुलड़िया के सेवाराम की पुत्री वंदना तथा उसका भाई प्रदीप, मिर्जापुर के गांव कांकरकठा निवासी बुधपाल, उसकी पत्नी सुधा, बुधपाल की पुत्रियां रेनू व नेहा तथा लड़का संदीप यह सभी भी बारात में शामिल होने कांट जा रहे थे। इसके अलावा मिर्जापुर के गांव पथरा निवासी ममता तथा उनकी चाची रेनू थाना सेहरामऊ दक्षिणी के गांव खिरिया गौंटिया निवासी राकेश की पत्नी छोटी बिटिया तथा उसकी एक साल की बेटी गुड्डी इसी गांव के धर्मेंद्र की पत्नी सुनीता के अलावा कांट क्षेत्र के गांव बहलोलपुर निवासी रामबरन व सत्यपाल गंभीर रूप से घायल हो गये।
एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
हादसे की सूचना पाकर एसडीएम पदम सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर उनके चल रहे इलाज की जानकारी ली। इस दौरान वहां मौजूद चिकित्साधीक्षक नसीमुददीन ने बताया कि सभी घायलों को समुचित ट्रीटमेंट दे दिया गया है और गंभीर रूप से घायल सात लोगों को जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
कोलाघाट का पुल बन जाने के बाद कलान-मिर्जापुर होकर बदायूं तथा दिल्ली तक जाने वाली बड़ी तादाद में सवारियां हर समय मौजूद रहती हैं, लेकिन सरकारी सेवा की बात करें तो सुबह तथा शाम को दिल्ली तक जाने वाली रोडवेज की कुछ बसों के अलावा दिन के शेष समय इस रूट पर रोडवेज की कोई भी लोकल सेवा मौजूद नहीं है। इसके चलते इस रास्ते पर विभिन्न स्थानों तक जाने वालों को डग्गामार वाहनों पर सफर करने के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं है जबकि रास्ता अत्यधिक खराब होने से हर समय दुर्घटना होने की आश्ंाका बनी रहती है। शुक्रवार को भी काफी समय से धूप में इधर उधर बैठकर सवारी का इंतजार कर रहे लोगो के सामने जब ट्रैक्टर वाले ने कांट तक चलने वालों की आवाज लगाई तो कुछ ही देर में इस रोड पर विभिन्न स्थानों तक जाने वाले लोग उस पर सवार हो गये।
उधर, ट्रैक्टर-ट्रॉली में हादसे का शिकार हुए घायलों की माने तो ट्रैक्टर चालक ने जरियनपुर से रवाना होने के बाद होते ही स्पीड पकड़ ली जो हादसे तक जारी रही, वही कुछ सवारियों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में था और सामने से आ रहे वाहन से बचने को उसने जरूरत से ज्यादा स्टेयरिंग काट दी और ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया। इस हादसे में चालक भी ट्राली में दबा हुआ था। इसे लोगो ने बाहर निकाला, लेकिन डर की वजह से घायल होने के बाद भी वह मौका पाकर भाग निकला।
ट्राली का पहिया खोल रहे दो लोगों को ट्रक ने रौंदा
चांदपुर/खुटार। शुक्रवार सुबह एक ट्रक चालक ने खराब खड़ी ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी। इससे ट्राली का पहिया खोल रहे गांव धनसिंहपुर निवासी बाबूराम के 22 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार और रामकिशन के 19 वर्षीय पुत्र करनजीत की ट्राली के नीचे दब जाने से मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
सुनील और करनजीत गांव धनसिंहपुर के आरबीएम ईंट भट्ठा पर श्रमिक हैं। शुक्रवार को वह ट्राली में ईंट लेकर खीरी के कसबा पलिया को जा रहे थे। गांव प्रसादपुर मोड़ के पास ट्राली का बैंरिग टूट गया। ट्रैक्टर चालक गोला क्षेत्र निवासी आजाद सुनील और करनजीत से पहिया खोलने की बात कह कर पड़ोस के झाले पर रिंच लेने चला गया। इस बीच खुटार से मैलानी की ओर जा रहे एक ट्रक के चालक ने ट्राली में पीछे से जारदार टक्कर मार दी। ट्राली ट्रक के आगे लगभग 30 फिट तक घिसटती चली गई। सुनील और करनजीत ट्राली के नीचे दब गए और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ट्रक चालक वाहन को छोड़कर भाग निकला।
ट्रैक्टर चालक आजाद ने भट्ठा स्वामी के साथ ही सुनील और करनजीत के परिवार के लोगों को हादसे की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे दोनों श्रमिकों के परिवार वाले शवों को देखते ही दहाड़े मारकर रो उठे। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ट्रक को थाने भिजवाया। दोनों श्रमिकों के शव पोस्टमार्टम को भेजे गए हैं। पुलिस ने ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
श्रमिक दिवस पर मिला जीवन भर का दर्द
खुटार। सुनील और करनजीत के परिवार के लोगों को श्रमिक दिवस पर जीवन भर का दर्द मिल गया। दोनों घर वालों ने जवान बेटे तो खोए ही साथ ही उनकी रोजी रोटी का सहारा भी छिन गया। गांव में दो मौते हो जाने से गांव धनसिंहपुर के तमाम लोग गमगीन हैं। सुनील का एक छोटा भाई अरविंद है। सुनील ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर पूरे परिवार को भरण पोषण करने में सहयोग करता था। शुक्रवार सुनील का काम पर जाने का मन नहीं था। पिता बाबूराम ने उसे मना भी किया, लेकिन होनी को कैसे टाला जा सकता था। सुनील काम पर चला गया और कुछ ही देर में घर वालों को बज्रपात जैसी महसूस हुई सुनील की मौत की खबर मिल गई।
करनजीत दो भाई और चार बहनों में तीसरे नंबर का था। वह मेहनत मजदूरी करने में डटा रहता था, जिससे पिता रामकिशन को परिवार को चलाने में काफी मदद मिलती थी। सुनील और करनजीत मेें काफी दोस्ती भी थी और दोनों साथ ही काम पर जाते थे।
एक साथ युवकों की मौत से पूरा धनसिंहपुर गांव गमगीन है। गांव के तमाम घरों में शुक्रवार को चूल्हे नहीं जले। लोगों ने मृतकों के घर जाकर परिवार के लोगों को सांत्वना दी।
बारात में जा रहे बाइक सवार एक युवक की मौत
शाहजहांपुर। थाना आरसी मिशन क्षेत्र के गांव चौड़ेरा निवासी रामसागर का बेटा 22 वर्षीय हरिओम उर्फ रिंकू बृहस्पतिवार की रात दोस्त दिलीप के साथ बाइक से शाहबाद(हरदोई) में एक शादी समारोह में शामिल हो जा रहे थे। रास्ते में चंदगोई गांव के पास बाइक अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में हरिओम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हरीओम की एक साल पहले ही शहर के मोहल्ला जलालनगर निवासी भगवानदीन की बेटी गीता से शादी हुई थी। पति की मौत से गीता बेसुध हो गई है। वहीं मां मूर्तिदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। हरिओम अपने पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे।
कार अज्ञात वाहन से टकराई एक की मौत, तीन घायल
शाहजहांपुर। कस्बा कलाने के बर्तन व्यापारी जगदीश गुप्ता के 18 ब्रजेश दोस्त नरेंद्र, शिवम और पिंकू के साथ एक शादी में शामिल होने कार से जलालाबाद आए थे। शादी में शामिल होने के बाद ब्रजेश दोस्तों के साथ कार लेकर शाहजहांपुर घूमने चले आए। यहां से सुबह करीब साढ़े चार बजे वापस लौटते समय कांट रोड पर जमुनिया गांव के पास उनकी कार में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल हुए लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टराें ने ब्रजेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि नरेंद्र और शिवम की हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। ब्रजेश की मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया। मां मुन्नी देवी बेटे की मौत से बेसुध हो गई हैं।  
बहन की शादी में जा रहे शैवेंद्र की हादसे में मौत
शाहजहांपुर। थाना तिलहर क्षेत्र के गांव बुड़ानपुर निवासी खुशीराम के 28 वर्षीय बेटे शैवेंद्र उर्फ पप्पू बृहस्पतिवार को पत्नी लक्ष्मी के साथ अपनी ससुराल सेहरामऊ दक्षिणी के गांव चंादापुर आए थे। ससुराल में उनकी चचेरी साली की शादी थी। पत्नी को ससुराल में छोड़ने के बाद घर बाइक से घर वापस जा रहे थे। घर में उनके चचेरी बहन की शादी थी। गांव बिजलापुर के पास उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। घायल शिवेंद्र को पुलिस ने जिला अस्पताल में भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवेंद्र के सुबह तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार वालों को चिंता हुई। शिवेंद्र की तलाश शुरू की गई। बिजलापुर में शिवेंद्र की बाइक मिलने पर परिवार वाले अस्पताल आए और शव की शिनाख्त की। शिवेंद्र की मौत से उनकी ससुराल और घर में कोहराम मच गया। दोनों घरों में खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया। लक्ष्मी पति की मौत से बेसुध हो गईं।
बारात में जा रहे रवि की हादसे में जान गई
शाहजहांपुर। थाना तिलहर क्षेत्र के गांव चक बरैंचा निवासी रामौतार का 16 वर्षीय बेटा रवि और उसका चचेरा भाई जगतराम बृहस्पतिवार की रात बीसलपुर क्षेत्र के गांव नीबा डाड़ी में एक बारात में शामिल होने बाइक से जा रहे थे। निगोही क्षेत्र में गांव खन्नका के पास उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। घटना में घायल दोनों लोगों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीएचसी में डॉक्टरों के नहीं होने पर काफी हंगामा हुआ। इसके बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। रवि की मौत से घर में कोहराम मच गया। रवि की मां रामकली की बेटे की मौत के गम में बेसुध हो गईं हैं। रवि अपने पांच भाइयों में सबसे बड़ा था।
अनियंत्रित बाइक मकान से टकराई, एक मरा
सिंधौली। थाना पुवायां क्षेत्र के गांव नवाब गंगापुर निवासी 25 वर्षीय अवनीश शुक्रवार को पत्नी नीलदेवी को शहर दवा दिलाने आए थे। दवाई दिलाने के बाद घर वापस जाते समय गांव पुवायां रोड पर महमदपुर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक मकान से टकरा गई। हादसे में अवनीश की मौत हो गई, जबकि नीलदेवी घायल हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और नील देवी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गश्त के दौरान वाहन ने होमगार्ड को कुचला
मीरानपुर कटरा। थाना खुदागंज के गांव हत्सा निवासी 49 वर्षीय होमगार्ड रामपाल बृहस्पतिवार की रात थाने के सिपाही नसीम व अपने साथी होमगार्ड मुनीश पाल  के साथ जलालाबाद रोड पर गश्त कर रहा था कि पूर्णागिरी राइस मिल के निकट किसी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इसकी उसकी मौके पर ही मौत हो गई। थाने पर सिपाही की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ  मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नीलगाय मैजिक पर गिरी, बालक की जान गई
मीरानपुर कटरा। जलालाबाद की तरफ जा रही जायलों  कार से एक नीलगाय टकरा गई। इससे नीलगाय उछल कर जलालाबाद की तरफ से आ रही सवारियों से भरी टाटा मैजिक पर जा गिरी। अनियंत्रित हुई मैजिक सड़क से उतर कर पेड़ से जा टकराई। दोहरी टक्कर में नीलगाय की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 12 साल के एक बालक की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए।
शुक्रवार को दोपहर एक जायलो कार कटरा की तरफ से जलालाबाद के लिए जा रही थी, तभी अचानक खेतों की ओर से निकल कर भागी नीलगाय सड़क पर आ गई और आते ही जायलो कार से टकरा गई। कार से टकरा कर उछली नीलगाय जलालाबाद की तरफ से सवारियां भरकर आ रही टाटा मैजिक से जा टकराई। इससे मैजिक अनियंत्रित हो गई और सड़क से उतर कर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार में तीन महिलाओं व दो बच्चों समेत सात लोग मामूली रूप से घायल हो गए जबकि मैजिक में भरी सवारियों में कोहराम मच गया। राहगीरों ने मदद कर घायलों को बाहर निकाला, लेकिन एक बालक फंसा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर मंगवाकर मैजिक को कटवाया, तब बालक को बाहर निकाला गया। तब तक 12 वर्षीय बालक अल्हागंज के गांव हड़ा मलिका गांव के अमित पुत्र मनीराम की मौत हो चुकी थी। वह अपनी नानी भगवान देवी और मामा मुकेश के साथ ननिहाल मदरूआ जैतीपुर जा रहा था। हादसे में भगवान देवी और उनकी दोनों बेटियां तनु व रीना घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल भिजवाया।
मार्ग दुर्घटना में युवक की मौत
पुवायां। बृहस्पतिवार रात एक अज्ञात युवक की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया है। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
बृहस्पतिवार रात किसी ने पुलिस को सूचना दी कि गांव बड़ागांव के पास खून से लथपथ एक युवक पड़ा है। जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सरकारी अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बड़ागांव और आसपास के कई लोगों को अस्पताल बुलाकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। युवक के कपड़ों आदि से भी कोई ऐसी चीज नहीं मिल सकी, जिससे उसकी पहचान हो सके। उसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। मृतक पैंट शर्ट पहने था। कोतवाली प्रभारी एके सिंह ने बताया कि युवक की आयु लगभग 38 वर्ष है।
क्वालिस की टक्कर से एक की मौत, एक घायल
शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के कुर्रियाकलां रोड पर गांव पड़ैचा के पास क्वालिस की चपेट आकर 40  वर्षीय वीरेंद्र की मौत हो गई, जबकि उनके रिश्तेदार जौहरी घायल हो गए।
थाना परौर क्षेत्र के गांव कुंडरी निवासी वीरेंद्र वाल्मीकि अपने रिश्तेदार कांट क्षेत्र के गांव अमौरा निवासी जौहरी के साथ पड़ैचा गांव जा रहे थे। पड़ैचा मोड़ पर पीछे से आई एक तेज रफ्तार क्वालिस गाड़ी ने दोनों को पीछे से टक्कर मार दी। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने वीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें