फर्जी बैनामा के जरिए जमीन हड़पने वालों ने मामले की शिकायत करने पर गांव बनास देवी के रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग ढाकन को घर पर आकर धमकाया तो घबराहट में उनकी सांसें थम गईं। इस मामले में पुलिस की ढिलाई को लेकर घरवालों समेत ग्रामीणों का गुस्सा फूटा तो उन्होंने थाना गेट के सामने शव रखकर शाहजहांपुर-पीलीभीत रोड जाम कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों के तीखे तेवर देख आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को बमुश्किल रोड से हटाकर शव पोस्टमार्टम को भिजवाया।
ढाकन लाल की पहली पत्नी से पांच बेटियां हुईं, जिनकी वह शादी कर चुके हैं। पहली पत्नी की मौत के बाद ढाकन ने बेटे की चाह में बिहार की महिला कल्याणी को पत्नी बनाकर साथ रख लिया, लेकिन दूसरी बीवी से उन्हें कोई औलाद नहीं हुई। इस बीच, उनकी 18 बीघा खेती पर पड़ोस के गांव संडा खास में रहने वाले रिश्ते के कुछ भाइयों की नजर गड़ गई।
मृतक की बेटी सुखरानी ने बताया कि पिछले दिनों संडा खास के रहने वाले राम विलास, सूरजपाल, बृह्म पाल, छुटन्ने और बाबूराम दिवंगत हो चुके भाई बनवारी की पत्नी मुल्लो को लेकर घर पहुंचे और पिता को शाहजहांपुर से दवा दिलाने के बहाने घर ले गए। साथ में ढाकन की पत्नी कल्याणी को भी ले गए। यह लोग ढाकन को तिलहर तहसील ले गए और वहां उन्हें अपनी जमीन पत्नी कल्याणी के नाम बैनामा कराने का झांसा देकर मुल्लो के नाम जमीन लिखा ली।
इसका खुलासा होने पर ढाकन ने निगोही थाने पर शिकायत की। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो ढाकन ने रिपोर्ट लिखाने को धारा 156-3 के तहत कोर्ट में अर्जी दी। इसकी भनक लगने पर आरोपियों ने छह मई की रात ढाकन के घर पर आकर गालीगलौज करते हुए धमकाया। रिश्तेदारों की दबंगई से आतंकित ढाकन की देर रात मौत होने पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।
सुबह घरवालों नेथाने जाकर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मामले को हल्केपन से लिया। नतीजा यह हुआ कि ग्रामीण घरवालों के साथ शव लेकर थाना गेट पर आ धमके और रोड जाम करके हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे सीओ सदर विजय शंकर मिश्रा ने सारा माजरा समझने के बाद मृतक की बेटी सुखरानी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ धारा 467, 468, 471, 420 और 304 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर घरवालों को मनाया। इस दौरान करीब एक घंटे तक शाहजहांपुर-पीलीभीत मार्ग पर यातायात ठप रहा।
वकील और सीओ के बीच कहासुनी
ढाकन को धमकाने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने में हीलाहवाली के विरोध में ग्रामीणों के चक्का जाम को लेकर सीओ विजय शंकर मिश्रा और वकील अवधेश सिंह तोमर के बीच जमकर हॉटटॉक हो गई।
हुआ यह कि मौके पर पहुंचे सीओ ने ग्रामीणों के साथ मौजूद वकील को देख उन पर ग्रामीणों को भड़काकर ड्रामा कराने का आरोप लगाते हुए सुधर जाने की नसीहत दी। इसी बात पर वकील तोमर भी तमतमा गए। बोले: किे नहीं मालूम कि थाने पर जमकर लूट होती है, लेकिन मैं कभी थाने पर नहीं आता क्योंकि दलाली नहीं करता। ढाकन की रिपोर्ट जिंदा रहते दर्ज हो गई होती तो यह नौबत नहीं आती। करीब 20 मिनट तक गर्मा-गर्मी के बाद दोनों शांत हुए।