विकास खंड जैतीपुर के गांव अगरोली स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश पांडेय का विगत 18 अप्रैल को घर जाते समय कुछ बदमाशाें ने अपहरण कर लिया था। तीन दिन बाद भी पुलिस द्वारा शिक्षक का पता न लगा पाने से नाराज शिक्षकों ने तहसील परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही बरेली के थाना फरीदपुर अंतर्गत मोहल्ला परा निवासी ओमप्रकाश पांडेय का पता लगाने के लिए शिक्षकों ने क्राइम ब्रांच टीम गठित कर शीघ्र पता लगाने की गुहार की।
बता दें कि प्राथमिक विद्यालय अगरोली में कार्यरत शिक्षक ओम प्रकाश पांडेय 18 अप्रैल को छुट्टी के बाद अपने घर बरेली के थाना फरीदपुर अंतर्गत मोहल्ला परा जा रहे थे। नवादा मोड़ के निकट अज्ञात बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया। तीन दिन बीतने के बाद भी पांडेय का कोई पता नहीं लग सका है। इससे पांडेय के घरवालों का रोते रोते बुरा हाल है। डीएम ने शिक्षक का पता लगाने के लिए शीघ्र उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रर्दशन करने वालों में प्राथमिक शिक्षक संघ के शाखा जैतीपुर अध्यक्ष आदेश सिंह, प्रदीप शाक्य, मुनीश मिश्रा, अरविंद सिंह, अनवर सादात खां, ईशपाल सिंह, जितेंद्र कुमार, आलोक चौहान, शेखर पवार, अनिल सिंह, रोहित अहमद आदि शामिल रहे।