चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मानूजई में शुक्रवार दोपहर बाद एक युवक नेे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव उनके सुपुर्द कर दिया। मोहल्ला मानूजई निवासी 42 वर्षीय राकेश कुमार पुत्र श्यामलाल सिलाई का काम करके तीन बच्चों काजल, चारू, रजत और पत्नी रोली का पालन-पोषण करता था। कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। शुक्रवार दोपहर बाद वह कमरे के अंदर गया और उसने अंदर से कुंडी लगाकर दरवाजा बंद कर लिया। फिर उसने गमछे से गले में फंदा कसा और कुंडे के सहारे फांसी पर लटक गया। कुछ देर बाद परिवारीजनों ने उसे आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर घरवालों ने कमरे के दरवाजे को धक्का दिया तो वह अंदर से बंद था। शाम लगभग 4.30 बजे सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने कमरे की कुंडी तुड़वाई तो शव लटका मिला। शव को बाहर निकलवाया गया। परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इस पर पुलिस ने शव परिवारीजनों को सौंप दिया। इंस्पेक्टर केके चौधरी ने बताया कि परिवार के लोग पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, इसलिए शव उन्हें बिना पोस्टमार्टम के सौंप दिया।