पार्किंग ठेकेदारों द्वारा वाहन खड़े करने के एवज में मनमाना शुल्क वसूले जाने के विरोध में टैक्सी थ्री व्हीलर आनर्स एसोसिएशन से जुड़े वाहन मालिकों और चालकों ने बेमियादी भूख हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रखी। इस बीच, तीन अन्य चालक भी भूख हड़ताल में शामिल हो गए। आंदोलन को धार देने के लिए हड़ताली वाहन चालकों ने तमाम टेंपो कलक्ट्रेट के अहाते में खड़े कर दिए। बाद में वहां पहुंचे सदर इंस्पेक्टर ने कार्रवाई की चेतावनी देकर सारे टेंपो हटवा दिए।
पार्किंग ठेकेदारों की मनमानी के विरोध में चालक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मोहम्मद नबी और सचिव मोहम्मद दानिश ने सोमवार से बेमियादी भूख हड़ताल शुरू की थी। मंगलवार को सुबह हड़ताल की जानकारी पाकर तमाम चालक अपने टेंपो लेकर कलक्ट्रेट कैंपस में आ धमके। उन्होंने सारे टेंपो धरना स्थल के आसपास आड़े-तिरछे खड़े करके नारेबाजी शुरू कर दी। माहौल जोशीला देख टेंपो चालक मुकेश कुमार, प्रमोद प्रजापति और नीरज सक्सेना भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल में शामिल हो गए।
उधर, टेंपो खड़े होने से अफसरों के वाहन फंसने की सूचना पाकर थाना सदर बाजार के प्रभारी निरीक्षक जेपी तिवारी स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के इंस्पेक्टर अभय राम यादव के साथ वहां जा पहुंचे। पुलिस और एलआईयू इंस्पेक्टर ने चालान कार्रवाई की चेतावनी देकर कलक्ट्रेट में खड़े टेंपो के नंबर नोट कराने शुरू किए तो नारेबाजी करने वाले चालक बैकफुट पर आ गए। दोनों अधिकारियों के तेवर देख चालकों ने कलक्ट्रेट के अहाते से टेंपो हटाकर रोड पर भिजवा दिए, लेकिन मनमानी वसूली करने वले ठेकेदार के विरुद्घ कार्रवाई होने तक भूख हड़ताल जारी रखने का संकल्प दोहराया। प्रदर्शन में मोहम्मद कामिल, खुर्शीद, राजेश कुमार, अहमद अली खां, राकेश कुमार आदि शामिल रहे।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
पिछले 24 घंटे से भूख हड़ताल पर डटे टैक्सी आनर्स चालक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मोहम्मद नबी और सचिव मोहम्मद दानिश के स्वास्थ्य की जांच करने जिला अस्पताल के डॉक्टरों की टीम मंगलवार को दोपहर बाद कलक्ट्रेट में धरना स्थल पर पहुंची। डॉक्टरों ने दोनों पदाधिकारियों के ब्लड प्रेशर और नाड़ी गति की जांच की। इस दौरान पूछे जाने पर डॉक्टरों को पदाधिकारियों ने अपनी सेहत सामान्य बताई।