क्षेत्र के गांव ढकिया रघा में शुक्रवार की रात पुरानी रंजिश में तांगा चालक आरिफ की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
गांव ढकिया रघा निवासी नियामत का बेटा आरिफ तांगा चलाता था। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे आरिफ तांगे से भतीजे अकरम के साथ गांव बराह मोहब्बतपुर सवारी उतारकर लौट रहा था। रास्ते में गांव धमनपुर में नीरज और टिंकू ने आरिफ को तांगे से खींच लिया और पिटाई कर लगे। यह देखकर अकरम जान बचाकर घर पहुंचा और घटना के बारे में जानकारी दी। आरिफ को बचाने पहुंचे उसके भाई रेहान और शराफत पर आरोपियों ने चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर दिया था, जिसमें वह दोनों भी घायल हो गए। हमलावरों ने आरिफ की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर धमनपुर के टिंकू, नीरज, प्रकाश, जुगली पुत्रगण राजाराम जाटव व रविंद्र पुत्र छेदालाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
छोटी-छोटी घटनाओं की अनदेखी लेती है बड़ा रूप
गतवर्ष दीपावली पर जुआं के दौरान नीरज, टिंकू, आदि का आरिफ से विवाद हुआ था। इसमें आरिफ के भाई शराफत का हाथ भी टूट गया था। पुलिस ने इस मामले में नीरज, टिंकू आदि के खिलाफ एनसीआर दर्ज की थी। मृतक के भाई रेहान का आरोप है कि इसी रंजिश को मन में रखकर यह लोग बुराई मानते थे और मौके की तलाश में थे। मौका लगते ही उन्होंने मेरे भाई को मार डाला।
कच्ची दारू की भट्टियां हैं विवाद की जड़
गांव वालों का कहना है कि पुलिस की मिली भगत से गांव में कच्ची शराब की संचालित भट्टियों और जुए के कारण आए दिन विवाद होता रहता है। पुलिस इस पर अंकुश लगाने के बजाए मिलीभगत करके इसकी बिक्री करवा रही। गांव के कुछ लोग कच्ची शराब के धंधे से काफी परेशान हैं। गांव में चर्चा है कि कच्ची शराब की खुले आम तिजारत भी कुछ हद तक इस घटना के लिये जिम्मेदार है और शराब के नशे में विवाद के बाद यह घटना हुई है।
अस्पताल में रवेंद्र पुलिस हिरासत में
घटनाक्रम में नामजद रवींद्र उर्फ रमीतू को पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है। रमीतू घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती है। जहां उसकी रखवानली करने के लिए दो कांस्टेबिल तैनात किए गए हैं।
यह घटना घटना पुरानी रंजिश को लेकर हुई है, पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
-अरुण कुमार सिंह, कोतवाल, तिलहर