बरेली से लोक सेवा आयोग का पेपर देने के लिए शाहजहांपुर आ रही 23 वर्षीय पूनम गलती से नानस्टाप ट्रेन में बैठ गई। स्टेशन पर ट्रेन नहीं रुकने से पूनम मोहम्मदी क्रॉसिंग के पास पेपर छूटने के डर से ट्रेन से कूद गई। रोजा पुलिस ने पूनम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूनम की हालत खतरे से बाहर है।
लखीमपुर खीरी क्षेत्र की बह्मदेव कॉलोनी में रहने वाले अनिल वर्मा की बेटी पूनम बरेली में रहकर प्राइवेट कोचिंग कर रही है। पूनम बरेली में ही किराए के मकान में रहती है। रविवार को पूनम का शाहजहांपुर के सेंट पाल्स स्कूल में लोक सेवा आयोग की परीक्षा थी। सुबह बरेली स्टेशन से पूनम किसी ट्रेन में सवार हुई। पूनम गलती से नानस्टाप ट्रेन में बैठ गई। जब शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन गुजरा तो पूनम घबरा गई। रोजा रेलवे स्टेशन से पहले मोहम्मदी रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन कुछ धीमी हुई तो पूनम ट्रेन से कूद गई। क्रॉसिंग के पास मौजूद लोगों ने रोजा पुलिस को सूचना दी। रोजा पुलिस ने पूनम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक पूनम की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस की सूचना पर अनिल वर्मा परिवार के साथ जिला अस्पताल पहुंच गए।