क्षेत्र के गांव शेरपुर कुर्रिया में अवैध संबंधों के चलते बुधवार रात भूरे सिंह ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी माधुरी की लकड़ी की मुगरी से ताबड़तोड़ वार करके निर्मम हत्या कर दी। भूरे ने माधुरी को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद भूरे ने थाने पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के साले की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव शेरपुर कुर्रिया निवासी भूरे सिंह की दूसरी शादी 20 वर्ष पहले हरदोई के थाना रूपापुर क्षेत्र के गांव सेमरझाला की माधुरी से हुई थी। शादी के वक्त माधुरी की उम्र करीब बीस वर्ष और भूरे की 35 वर्ष थी। शादी के बाद माधुरी ने दो बेटी रोशनी और रेशमी और बेटा प्रियांशु को जन्म दिया। करीब तीन वर्ष पहले गांव में रहने वाले रजनीश से माधुरी के संबंध हो गए। तब भूरे दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड था। एक साल पहले भूरे को माधुरी के रजनीश से संबंधों के बारे में जानकारी हुई तो वह नौकरी छोड़कर गांव में ही रहने लगा। भूरे ने कई बार माधुरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह बाज नहीं आई। माधुरी और रजनीश आपस में मिलते रहे। इसी बात को लेकर भूरे और माधुरी में अक्सर झगड़ा होता रहता था।
बुधवार की रात भूरे घर में नीचे सोया था, जबकि माधुरी छत पर सोई थी। रात करीब साढ़े तीन बजे छत पर कुछ आहट होने पर भूरे आंगन में पड़ी लकड़ी की मुगरी उठाकर छत पर पहुंचा। उसे देखकर रजनीश छत से कूदकर भाग गया। माहीं निकल गया। धुरी को आपत्तिजनक स्थिति में देखकर उसका खून खौल गया। उसने लकड़ी की मुगरी
से माधुरी के मुंह पर तब तक ताबड़तोड़ बार किए, जब तक उसका दम नहीं निकल गया। इसके बाद भूरे, रजनीश को भी गांव में तलाशता रहा, लेकिन वह नहीं मिला। सुबह करीब सात बजे भूरे थाने पहुंचा और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई मुगरी और शव को अपने कब्जे में ले लिया। भूरे के साले बजरंगी की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सूचना मिलने पर एएसपी ग्रामीण आशाराम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपी से पूछताछ की।
आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया है। अवैध संबंधों के चलते माधुरी की हत्या की बात सामने आ रही है।
-अमर सिंह, एसओ कलान
भूरे बोला, मुझे अपने किए पर पछतावा नहीं
रजनीश से माधुरी के अवैध संबंधों की खबर लगने के बाद भूरे दिल्ली से नौकरी छोड़ आया था। उसने सोचा कि वह माधुरी और बच्चों के साथ रहेगा तो सब कुछ ठीक हो जाएगा। भूरे ने कई बार माधुरी को समझाया कि उसके संबंधों की वजह से समाज में उसकी काफी बदनामी हो रही है, लेकिन माधुरी ने भूरे की एक नहीं मानी। पति के बार-बार मना करने के बाद भी वह रजनीश से मिलती रही। भूरे की बेटी 14 वर्षीय बेटी रोशनी और 10 वर्षीय रेशमी भी समझदार हो रही थीं। भूरे ने माधुरी को बेटियों के समझदार होने की बात समझाई। गांव में दोनों के संबंधों की चर्चा होती थी तो भूरे का खून खौल जाता था, लेकिन वह अपने बच्चों के खातिर सब कुछ सहन कर रहा था। बुधवार की रात जब भूरे माधुरी को रजनीश के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया तो वह अपना आपा खो बैठा और उसने माधुरी की हत्या कर दी। भूरे को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है।