फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डिग्गी से सिपाही के एक लाख रुपये चोरी

Thu, 26 Mar 2015 11:04 PM IST
पुवायां (शाहजहांपुर)
विज्ञापन
विज्ञापन
क्षेत्र के गांव उदारा निवासी सिपाही धीरेंद्र सिंह यादव की बाइक की डिग्गी से चोरों ने एक लाख पांच हजार रुपये की रकम पार कर दी। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन

उदारा निवासी धीरेंद्र सिंह यादव सीतापुर जनपद के नीमसार थाने में सिपाही हैं। बुधवार को वह छुट्टी पर घर आए थे। बृहस्पतिवार को धीरेंद्र अपने भाई ओमकार के साथ पुवायां आए। उन्होंने एसबीआई के अपने एकाउंट से एक लाख पांच हजार रुपये निकालकर बाइक की डिग्गी में रख दिए। इसके बाद दोनों भाई डाक बंगला रोड पर पहुंचे। वहां बाइक खड़ी कर एक दुकान में चले गए। इसी बीच चोर ने डुप्लीकेट चाबी से डिग्गी खोलकर उसमें रखी रकम निकाल ली और चाबी डिग्गी में ही लगी छोड़ गए। कुछ देर बाद ओमकार ने डिग्गी खुली देखी तो उनके होश उड़ गए। शोर मचाने पर धीरेंद्र भी मौके पर पहुंच गए। दोनों भाइयों ने चोर की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद धीरेंद्र ने थाने जाकर रुपये चोरी होने की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने भी तलाश की, लेकिन चोर का पता नहीं चल सका। समझा जाता है कि चोर बैंक से ही सिपाही के पीछे लगा था और मौका पाकर उसने रुपये गायब कर दिए।
विज्ञापन


कोतवाल हटे, कस्बा इंचार्ज बदले, पर नहीं रुकीं चोरियां
पुवायां। पूर्व में हो चुकी चोरी और डकैती की तमाम घटनाओं के बाद कोतवाल हटे। नए कोतवाल ने आकर गश्त को चुस्त-दुरुस्त किया। अपराध नहीं रुकने पर कस्बा इंचार्ज को भी बदल दिया गया। इतना सब होने के बाद भी नगर में चोरी की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।
बता दें कि पुवायां थाना क्षेत्र में जनवरी में चोरी, लूट की तमाम वारदातें हुईं। 18 फरवरी को गांव बगड़ेर में लूट के इरादे से घुसे बदमाशों ने संतोष कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस पर एसपी आरपीएस यादव ने कोतवाली प्रभारी यतेंद्र बाबू भारद्वाज को लाइन हाजिर कर दिया था। नवागत कोतवाली प्रभारी अशोक सिंह ने चार्ज संभालने के बाद मुखबिरों को सतर्क कर संतोष हत्याकांड का खुलासा करने के साथ ही चोरी और डकैती की कई घटनाओं का पर्दाफाश कर दिया। जनता को लगा कि अब घटनाओं पर विराम लग जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इस समय नगर में फिर से चोरी की ताबड़तोड़ वारदातें हो रही हैं। इससे नगरवासियों में भय का माहौल है। पुलिस रोजाना कई संदिग्धों को उठाकर पूछताछ भी कर रही है, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल पा रहा है।

सट्टा और स्मैक भी बड़ा कारण
नगर के लोग चोरी की घटनाओं को सट्टा और स्मैक से जोड़कर देख रहे हैं। लोगों का कहना है कि नगर में इस समय एक ओर सट्टा के बाजार ने तेजी पकड़ी है तो दूसरी ओर स्मैकियों की बाढ़ सी आ गई है। कारण है कि दोनों काले कारोबार नगर में बिना रोक टोक के बखूबी चल रहे हैं। मोहल्ला गढ़ी में तो रोड पर रोजाना जुआ होता है। पुलिस की गाड़ी सायरन बजाती हुई निकल जाती है और जुआरी खेलने में मस्त रहते है।
विज्ञापन


पुवायां एक महीने में हुईं प्रमुख घटनाएं-
22 फरवरी : कसभरा आढ़त में सुरेश गुप्ता के घर से 60 हजार की नगदी और जेवर सहित दो लाख की चोरी।
01 मार्च : नगर स्थित बॉब के एटीएम को तोड़कर 21 लाख रुपये चोरी करने का प्रयास।
12 मार्च : कसभरा में यामीन के घर से 20 हजार की नगदी और जेवर सहित सवा लाख का माल चोरी।
14 मार्च : कमलबाग में केशव कुमार शुक्ला के घर से 20 हजार की नगदी और जेवर सहित दो लाख की चोरी।
24 मार्च : सुभाषनगर में भुवनेश्वर के घर से एक लाख नगदी सहित तीन लाख का सामान चोरी।
26 मार्च : गांव उदारा निवासी सिपाही धीरेंद्र यादव की डिग्गी से चोरों ने एक लाख पांच हजार रुपये उड़ाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें