थाना कटरा अंतर्गत गांव समधाना में सोमवार की रात चोरों ने दो मकानों में नकब लगाकर छह लाख से अधिक के जेवर, नगदी और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना से लोग दहशत में है।
गांव समधाना के हरीश बाबू मिश्रा ने बताया कि रात लगभग ढाई बजे के आस पास चोरों ने उनके घर में नकब लगाकर यहां रखी आठ तोले की चार चेन, एक एक तोले की छह अंगूठी, दो तोले के दो जोड़ी झाले, एक-एक तोले के दो जोड़ी कुंडल, बीस हजार रुपये नगद तथा पीतल के बर्तन व कपड़े चुरा लिये। उनके ही दूसरे भाई रमेश चंद्र पुत्र श्रीकृष्ण के घर में नकब लगाकर डेढ़ तौले की दो चूड़ी, एक तोले का बेंदा डेढ़ तौले की एक चेन, एक तोले की एक अंगूठी तथा 12 सौ रुपये भी चुरा लिए। सुबह उठने पर उन्हें चोरी का पता लगा।
टावर के चौकीदार को नहीं हुआ आभास
हरीश और रमेश के मकान के पीछे बीएसएनएल का टावर लगा है। नकबजनी के दौरान किसी प्रकार की खटपट चौकीदार को सुनाई नहीं दी। दस बजे बिजली आने के बाद रोशनी रहने के बाद भी चोर किस तरह घटना को अंजाम देते रहे यह विचारणीय प्रशभन है।
बीस साल बाद गांव में हुई चोरी की घटना
हरीश बाबू मिश्रा ने बताया कि इस तरह की चोरी की घटना से गांव वाले हतप्रभ हैं। गांव में बीस साल पहले चोरी हुई थी। हम लोगों को कभी भी चोरों का भय नहीं था। इस घटना से गांव में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। पीड़ितों ने कटरा थाने में तहरीर दे दी है। खबर भेजे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।