अंतर्जनपदीय मादक पदार्थ तस्करी गैंग के तीन तस्करों को मदनापुर पुलिस ने शुक्रवार को चेकिंग के दौरान बुधवाना तिराहा के पास से बोलेरो गाड़ी से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो तस्कर फरार हो गए। यह गैंग नेपाल से तस्करी करके स्मैक को फर्रुखाबाद, एटा और इटावा आदि जिलों में सप्लाई करता था। पुलिस गैंग के दो फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है। एसपी ने पुलिस टीम के सदस्यों को इनाम देने की घोषणा की है।
एसपी देहात शिवराम यादव ने प्रेसवार्ता में बताया कि एसपी बबलू कुमार के निर्देश पर सीओ सदर अनुराग दर्शन के नेतृत्व में थाना मदनापुर पुलिस शुक्रवार को दिन के साढ़े तीन बजे बुधवाना रोड पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान अंतर्जनपदीय मादक पदार्थ की तस्करी करके वाले गिरोह के तीन सदस्यों को एक बोलेरो गाड़ी में दबोच लिया गया, जबकि दो सदस्य फरार हो गए। गाड़ी की तलाशी लेने पर 1650 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उन्होंने नाम थाना कटरा क्षेत्र के मोहल्ला वंगशान निवासी जहीर, फर्रुखाबाद के थाना शमसाबाद क्षेत्र के मोहल्ला मोहल्ला दलवीर खां निवासी जितेंद्र और थाना तिलहर क्षेत्र के मोहल्ला कुंवरगंज निवासी कैलाश बताया है। इनके फरार साथी जितेंद्र का भाई वीरेन और जहीर का भाई सगीर है। पूछताछ में इन्होंने बताया कि वीरेन गुप्ता और कैलाश गुप्ता नेपाल से सस्ते दामों पर स्मैक खरीदने के बाद तस्करी करके यहां लाते थे और जहीर और सगीर के हाथों बेच देते थे। यह दोनों भाई जितेंद्र की मदद से स्मैक को फर्रुखाबाद, एटा, इटावा आदि जिलों सप्लाई करते थे। बुधवार को यह लोग फर्रुखाबाद की एक पार्टी को स्मैक बेचने जा रहे थे। पुलिस फरार सगीर और वीरेन की सुरागरसी में लगी हुई है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बरामद स्मैक की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। एसपी ने पकड़ने वाली टीम के सदस्यों में एसओ मदनापुर अमित कुमार, एसआई संतोष कुमार, सिपाही राम सिंह, रवि कुमार, जगवीर सिंह, सैय्यद अली और पन्नू लाल को नगद इनाम देने की घोषणा की है।