शुक्रवार को सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में दूसरा बाइक सवार फिसलकर सड़क पर गिर गया। हादसे में बाइक पर बैठी वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दामाद और बेटी को मामूली चोट आई। पुलिस ने वृद्धा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। यहां बता दें कि बाइक चालक बिना हेलमेट था और साथ में तीन लोगों को बाइक पर बैठाए हुए था।
कस्बे के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी रामप्रकाश पाठक की विधवा 58 वर्षीय कांती देवी अपने दामाद अनूप और बेटी शिवानी के साथ बेटी की ससुराल कांट थाना क्षेत्र के गांव मोहनपुर गई थी। शुक्रवार शाम ये तीनों लोग बाइक से जलालाबाद को आ रहे थे। बताते हैं कि कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर राजभोग रेस्टोरेंट के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से बचाने के प्रयास में अनूप अपनी बाइक का संतुलन खो बैठे और और बाइक समेत तीनों लोग सड़क पर आ गिरे। मौके पर जुटे राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सभी को सीएचसी भिजवाया, जहां डाक्टरों ने कांती देवी को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।