फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिला एसआई ने बनाया समझौते का दबाव

Wed, 10 Jun 2015 11:11 PM IST
खुटार।
विज्ञापन
विज्ञापन
बुधवार को शाहजहांपुर के थाना सदर बाजार प्रभारी जेपी तिवारी और महिला एसआई सीमा सिंह पत्रकार जगेंद्र सिंह के घर खुटार पहुंचीं। महिला एसआई सीमा सिंह ने जगेंद्र की पत्नी सुमन के बयान दर्ज किए। कोतवाल ने उनके पिता सुमेर सिंह के बयान लिए। आरोप है कि महिला एसआई ने बयान दर्ज करने के बाद समझाने के नाम पर जगेंद्र की पत्नी और बहन को धमकी दी कि विवाद बढ़ाने से कोई लाभ नहीं होगा और एक पैसे की भी मदद नहीं मिलेगी। एसआई ने सुमन को अपना भविष्य देखने की भी सलाह दी।
विज्ञापन

गौरतलब है कि जलने के बाद लखनऊ में इलाज के दौरान जगेंद्र सिंह की मौत हो जाने पर कुछ पुलिसकर्मी सहित अन्य लोग मामले में फंसे लोगों को बचाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। इसके लिए जगेंद्र सिंह के पिता, पत्नी और परिवार के अन्य लोगों पर साम, दाम, दंड, भेद का तरीका आजमाया जा रहा है। हालत यह हैं कि जांच के नाम पर जाने वाले पुलिसकर्मी भी अपना काम न कर परिवार के लोगों को समझाकर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं।
जगेंद्र सिंह की पत्नी सुमन सिंह और बहन लवली सिंह का आरोप है कि बुधवार को बयान दर्ज करने पहुंची एसआई सीमा सिंह ने उन लोगों से कहा कि जो चला गया, वह वापस नहीं आ सकता है। इस मामले को तूल देने से कोई लाभ नहीं होगा। परिवार को एक पैसे की भी मदद नहीं मिलेगी। इसके उलट यदि मामले में समझौता होता है तो परिवार का भविष्य सुरक्षित होगा। बच्चों को नौकरी आदि भी मिल जाएगी। सुमन सिंह ने एसआई को बयान दर्ज कर घर से चले जाने को कहा तो वह मौके से चली गईं।
विज्ञापन

उधर, इंस्पेक्टर जेपी तिवारी ने सुमेर सिंह को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया और हरसंभव मदद की बात कही। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने एसआई सीमा सिंह के परिवार को धमकाने और लालच देने की बात को निराधार बताया। कहा, एसआई ने केवल सुमन सिंह के बयान दर्ज किए।

दरोगा ने की थी 12 लाख रुपये की पेशकश
पुवायां। मंगलवार सुबह शाहजहांपुर से एक दरोगा जगेंद्र सिंह के घर पहुंचा था। बताया जाता है कि यह दरोगा इस समय लाइन हाजिर चल रहा है। दरोगा ने जगेंद्र के पिता, पुत्र और परिवार के अन्य लोगों से बात की। दरोगा ने कहा कि यदि परिवार के लोग जगेंद्र के शव का अंतिम संस्कार कर दें और किसी तरह की कार्रवाई की मांग न करें तो वह परिवार को 12 लाख रुपये दिला सकता है। इसके अलावा भविष्य में जगेंद्र के पुत्रों को नौकरी दिलाने का भी प्रलोभन दिया गया। बड़ा सवाल यह है कि दरोगा को समझौता करने के लिए किसने भेजा था? 12 लाख रुपये दरोगा कहां से लाकर देता? दरोगा को समझौते के लिए दबाव बनाने की क्या जरूरत थी?  

नहीं रुक रहे परिवार के लोगों के आंसू
खुटार। जगेंद्र सिंह की मौत से परिवार के लोग बेहद गमजदा हैं। किसी के सांत्वना व्यक्त करते ही जगेंद्र की पत्नी सुमन, बहन लवली, पुत्री दीक्षा दहाड़ें मारकर रोने लगती हैं और न्याय दिलाने की गुहार करने लगती हैं। जगेंद्र के पिता सुमेर सिंह सभी को सांत्वना देते हुए खुद भी रोने लगते हैं। जवान बेटे की मौत का दुख उनसे सहा नहीं जा रहा है।

खन्ना ने उठाई सीबीआई जांच की मांग
खुटार। भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुरेश कुमार खन्ना बुधवार को पत्रकार जगेंद्र सिंह के घर पहुंचे और परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में न्याय की बात करना बेमानी है। जगेंद्र की मौत की सीबीआई और न्यायिक जांच ही पूरे मामले से पर्दा उठा सकती है। वह मामले की सीबीआई जांच कराने का प्रयास करेंगे।
खन्ना बुधवार दोपहर बाद जगेंद्र सिंह के घर पहुंचे। उन्होंने जगेंद्र के पिता सुमेर सिंह, पत्नी सुमन, पुत्र राहुल से मामले की जानकारी ली और मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थित बेहद खराब है। इस सरकार में न्याय की बात करना बेमानी है। जगेंद्र की मौत की सीबीआई जांच होने से ही सच सामने आ सकता है। वह सीबीआई जांच के लिए पुरजोर कोशिश करेंगे। उन्होंने सरकार से जगेंद्र के परिवार को 20 लाख रुपये देनेे और उनकी भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की भी मांग की। एक सवाल के जवाब में सुरेश खन्ना ने कहा कि वह मामले को राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखते हैं और न ही राजनीतिक तूल देने का इरादा है। वह चाहते हैं कि जगेंद्र के परिवार को न्याय मिले। उनके साथ अंशुल चौहान, गौरव शर्मा, राजेश दीक्षित सहित तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

क्षत्रिय महासभा ने की घटना की निंदा
खुटार। क्षत्रिय महासभा की खुटार में हुई बैठक में ब्लाक अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पत्रकार जगेंद्र सिंह को जलाकर मार डालने की घटना की जितनी भी निंदा की जाए कम है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। अधिवक्ता केएन सिंह ने पत्रकार जगेंद्र के परिवार के लोगों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने, पत्रकार के एक पुत्र को सरकारी नौकरी देने, मृतक की पत्नी के नाम जमीन का पट्टा करने की मांग की। बैठक में मौजूद सभी लोगों ने घटना की कड़ी निंदा की। इसके अलावा परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस भी तैनात किए जाने की मांग रखी गई। इस दौरान सुनील सिंह, आनंद कुमार सिंह, विमल सिंह, मानवेंद्र प्रताप सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें